रविवार, 19 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. War of words between Digvijay Singh and Jyotiraditya Scindia
Written By Author विकास सिंह
Last Modified: शुक्रवार, 21 अप्रैल 2023 (19:26 IST)

हे महाकाल! सिंधिया जैसा दूसरा नेता कांग्रेस में पैदा न हो, दिग्विजय का तंज, ज्योतिरादित्य का पलटवार बंटाधार भारत में पैदा न हो

Digvijay Singh
भोपाल। मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर ‘राजा’ कहे जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और ‘महाराज’ के नाम से पहचाने जाने ज्योतिरादित्य सिंधिया आमने सामने है। उज्जैन में पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसा दूसरा नेता कांग्रेस में पैदा न होगा।

दरअसल दिग्विजय सिंह से जब पूछा गया कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है और फिर क्यों ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो जाए तो क्या करेंगे। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि "हे प्रभु! हे महाकाल! ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसा दूसरा नेता कांग्रेस में पैदा न हो"। इतना ही नहीं दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए बड़े-बड़े राजा और महाराजा बिक गए। इसके साथ दिग्विजय सिंह ने दावा किया प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

वहीं दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन पर पलटवार किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "हे प्रभु महाकाल! कृपया दिग्विजय सिंह जैसे देश विरोधी और मध्यप्रदेश के बंटाधार भारत में पैदा ना हो"।

वहीं सिंधिया पर दिग्विजय सिंह के इस करारे हमले के बाद अब उनके समर्थक नेता भी आगे आ गए है। सिंधिया समर्थक और शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि हे महाकाल प्रभु, दिग्विजय सिंह जैस व्यक्ति जिसने कांग्रेस का पूरा बंटाधार कर दिया, मध्यप्रदेश का बंटाधार कर दिया। महाकाल प्रभु से मेरी यहीं प्रार्थना है कि दिग्विजय सिंह के अगले जन्म में पाकिस्तान में पैदा करना।  

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की सियासत में दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच सियासी अदावत काफी पुरानी है। प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आते जा रहे है वैसे-वैसे दिग्विजय सिंह और सिंधिया के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है।
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
रिलायंस इंडस्ट्रीज का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 19299 करोड़