1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. PM Modi's dream of per drop more crop will come true in MP: CM Shivraj

प्रधानमंत्री मोदी का "पर ड्रॉप मोर क्रॉप का सपना MP में होगा साकार: CM शिवराज

Prime Minister Narendra Modi
भोपाल। मध्यप्रदेश में चल रहे विकास पर्व में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिलों में जाकर जनता को विकास कार्यों की सौगात दे रहे है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास पर्व के अन्तर्गत आगर-मालवा पहुंचे जहां मुख्यमंत्री के जनदर्शन के दौरान अपार जनसमूह ने पुष्पों की वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

मुख्यमंत्री आगर-मालवा में विकास पर्व के अंतर्गत लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने आज वहाँ पहुँची संत रविदास यात्रा का स्वागत और संतों का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1306 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आज आगर-मालवा में 1200 करोड़ रूपये से अधिक की लागत की कुंडालिया पाइप सिंचाई प्रणाली के प्रथम चरण के कार्य का लोकार्पण किया गया है। इससे 146 गाँव के खेतों में पाइप लाइन से पानी पहुँचाया जायेगा। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के हर खेत में पानी पहुँचे। इससे किसानों की फसलें लहरायेंगी और समृद्धि आयेगी। साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का "पर ड्रॉप मोर क्रॉप'' का सपना साकार होगा।

वहीं मुख्यमंत्री का जनदर्शन छावनी चौराहा से भगोरिया नृत्य-दल की अगवानी में प्रारंभ हुआ। संत शिरोमणि रविदास की समरसता यात्रा भी जनदर्शन का हिस्सा बनी। मुख्यमंत्री ने चरण पादुका का पूजन एवं संतों का सम्मान कर यात्रा का शुभारम्भ किया। जनदर्शन यात्रा छावनी चौराहा से छावनी झंडा चौक, रत्नसागर तालाब रोड़, नाना बाजार, सराफा बाजार, हाटपुरा, बड़ौद दरवाजा, अस्पताल चौराहा होते हुए विजय स्तम्भ पहुँची। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक, शासकीय एवं अशासकीय संगठनों द्वारा पुष्प-मालाओं से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। जनदर्शन गाजे-बाजे के साथ जैसे-जैसे छावनी चौराहा से अपार भीड़ के साथ आगे बढ़ा, मुख्यमंत्री का विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा तथा साफा बांधकर हार्दिक स्वागत किया गया।

जनदर्शन यात्रा के दौरान लाड़ली बहनों के स्कूटी दल ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। लाड़ली बहनों ने एक जैसी वेश-भूषा में जनदर्शन के पूरे मार्ग में अलग अंदाज में ‘‘लाड़ले भैय्या‘‘ के प्रति आभार प्रकट किया। दल में रीना शर्मा, शारदा यादव, सरताज बी, सरिता सोलंकी, प्रिया सोलंकी, रीना सोलंकी, रेणु राठौर, पद्मा शर्मा, उषा सोनी, पूजा कुंभकार, शिवालिका शर्मा, कविता नरवाल, आशा मालवीय, रीना राव, मुस्कान गवली, पूजा मालवीय, जस्सू मालवीय, रेशमा मुल्तानी, आरती जाटव, भारती गोयल, भावना चौहान, अनीता राठौर, रीना गुर्जर, हिना मुल्तानी आदि शामिल थीं।
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
जामताड़ा के बाद सायबर क्राइम का सबसे बड़ा हॉट स्‍पॉट है मेवात