• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Modi govt did in 5 years which congress could not in 55 years : Nitin Gadkari
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : गुरुवार, 11 जून 2020 (08:02 IST)

कांग्रेस जो 55 सालों में नहीं कर सकी, मोदी सरकार ने 5 सालों में कर दिखाया : नितिन गडकरी

मध्यप्रदेश भाजपा की पहली वर्चुअल रैली को किया संबोधित

कांग्रेस जो 55 सालों में नहीं कर सकी, मोदी सरकार ने 5 सालों में कर दिखाया : नितिन गडकरी - Modi govt did in 5 years which congress could not in 55 years : Nitin Gadkari
भोपाल। कांग्रेस ने जो 55 सालों में नहीं किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह 5 सालों में कर दिया है। यह कहना हैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जो बुधवार को मध्यप्रदेश भाजपा की पहली वचुर्अल रैली को नागपुर से संबोधित कर रहे थे।

मोदी सरकार उपलब्धियों को बताते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि आजादी के बाद सबसे बड़ी चिंता यह थी कि देश में सुशासन कैसे आएगा, देश आधुनिक कैसे बनेगा, एक महाशक्ति कैसे बनेगा? इसके लिए कांग्रेस के पास बड़ा अवसर था। देश की जनता ने आजादी के बाद 70 सालों तक कांग्रेस पर विश्वास किया। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, कई घोषणाएं की गईं, कई कार्यक्रम शुरू किए गए, लेकिन देश की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
 
गडकरी ने कहा कि बीते सालों में मोदी सरकार ने जो काम किया है, अगर उसे तुलनात्मक रूप से देखा जाये, तो  कांग्रेस ने जो काम 55  सालों में नहीं किया था, वो काम मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने पांच सालों में करके दिखा दिया है।
वोटबैंक के लिए कांग्रेस ने किया समझौता- वचुर्अल जनसंवाद रैली को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि देश की सुरक्षा मजबूत है। चाइना का मुकाबला हम कितनी सक्षमता से कर रहे हैं, आप सभी देख रहे हैं। हमारे सुरक्षा बल रोजाना आतंकवादियों को मार रहे हैं। जिस धारा 370 को हटाने के लिए डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद हमने जनसंघ की विचारधारा के अनुरूप धारा 370 को हटाकर इतिहास रच दिया। यह प्रावधान अस्थायी था, सब ये मानते थे कि इसे हटना चाहिए, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने वोटबैंक की राजनीति के चलते देश के हितों से समझौता किया। 

अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए कई रामभक्तों ने बलिदान दिया। सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय दिया और अब राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। हमने जो जो कहा था, जो संकल्प लिये थे, जनता से जो-जो वादे किए थे, वो नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल में करके दिखा दिया। अब हमें देश को आगे ले जाना है, सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाना है।