1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh scorched by heat, temperature 44.5 degrees in Rajgarh

गर्मी से झुलसा मध्यप्रदेश, राजगढ़ में तापमान 44.5 डिग्री

मध्य प्रदेश में लू
भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) एवं राजगढ़ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे ये दोनों स्थान देश के 10 सबसे अधिक गर्म स्थानों वालों की सूची में रहे। इसके अलावा, प्रदेश के कई जिलों में लू रही।
 
आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम एवं राजगढ़ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश के रतलाम में शुक्रवार को तीव्र लू का प्रकोप रहा, जबकि दमोह, सीधी, सागर, गुना, धार, ग्वालियर, नर्मदापुरम, खंडवा, राजगढ़, उज्जैन और नौगांव में लू की स्थिति बनी रही। साहा ने बताया कि अगले 4 दिनों में प्रदेश के कुछ इलाकों में लू की स्थिति रहने की संभावना है।
 
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2 डिग्री अधिक), जबलपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5 डिग्री अधिक) और ग्वालियर 42.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5 डिग्री अधिक) रहा।
अगला लेख
राजस्थान के रिश्वतखोर अधिकारी के पास 100 करोड़ की संपत्ति, नोट गिनने के लिए लगीं 10 मशीनें