1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh bypoll election results

शिवराज के 3 मंत्री हार की कगार पर, भाजपा 19 पर आगे

Madhya Pradesh bypoll election results
भोपाल। मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हो रही उपचुनाव की मतगणना में शिवराजसिंह चौहान के 3 मंत्री चुनावी दौड़ में पिछड़ रहे हैं। इनमें ऐदलसिंह कंसाना और गिर्राज दंडौतिया  तो लगभग हार की कगार पर पहुंच गए हैं। हालांकि भाजपा 28 में से 19 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस 8 पर एवं बसपा एक सीट आगे है।
 
मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुमावली सीट से ऐदलसिंह कंसाना कांग्रेस के अजब सिंह कुशवाह से 10 हजार से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं, दिमनी सीट पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री गिर्राज दंडौतिया भी करीब 10 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के रवीन्द्रसिंह तोमर बढ़त बनाए हुए हैं। 
 
मेहगांव सीट पर भी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ओपीएस भदौरिया कांग्रेस के सत्यदेव कटारे से पीछे चल रहे हैं। हालांकि भदौरिया मात्र 71 वोटों से पीछे चल रहे हैं। ऐसे में परिणाम कुछ भी हो सकता है। 
 
इनके अलावा डबरा में शिवराज की मंत्री इमरती देवी भी कड़े मुकाबले में फंसी हुई हैं। वे कांग्रेस के सुरेश राजे के मुकाबले 1785 वोटों से आगे चल रही हैं। दूसरी ओर भाजपा के डॉ. प्रभुराम चौधरी 28000 से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं भाजपा के महेन्द्रसिंह सिसोदिया 23 हजार से ज्यादा वोटों से आगे हैं। 
 
शिवराज के एक अन्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव बदनावर सीट पर 21 हजार से ज्यादा वोटों की लीड बनाए हुए हैं। इंदौर की सांवेर सीट पर तुलसी सिलावट 12000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। 
 
अगला लेख
मध्यप्रदेश में शिवराज ही 'सरकार', सिंधिया समर्थक 9 मंत्री जीत की ओर, 3 मंत्री पिछड़े