शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJP wins 7 out of 11 municipal corporations in Madhya Pradesh
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : रविवार, 17 जुलाई 2022 (17:48 IST)

मध्यप्रदेश में 11 नगर निगम में 7 में भाजपा की जीत, भोपाल और इंदौर में BJP का महापौर, 22 नगर पालिका में भी बहुमत

मध्यप्रदेश में 11 नगर निगम में 7 में भाजपा की जीत, भोपाल और इंदौर में BJP का महापौर, 22 नगर पालिका में भी बहुमत - BJP wins 7 out of 11 municipal corporations in Madhya Pradesh
भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की है। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले भोपाल और इंदौर में भाजपा के महापौर उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। आज आए 11 नगर निगम के चुनाव परिणाम में भाजपा 7 नगर निगमों में जीत हासिल कर ली है। भाजपा ने भोपाल, इंदौर के साथ सागर,सतना, बुरहानपुर, खंडवा, उज्जैन में जीत हासिल की है। इसके साथ 36 नगर पालिका में से भाजपा ने 22 नगर पालिका में बहुमत हासिल कर लिया है।  
 
राजधानी भोपाल नगर निगम पर भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखते हुए बड़ी जीत हासिल की। भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय ने कांग्रेस की प्रत्याशी विभा पटेल को बड़े अंतर से हरा दिया है। इसके साथ भोपाल नगर निगम के 85 वार्ड में से भाजपा करीब 60 वार्ड में जीत हासिल करते हुए दिख रही है। 

वहीं इंदौर नगर निगम में भाजपा के महापौर उम्मीदवार पुष्यमित्रा भार्गव ने कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी और विधायक संजय शुक्ला को हरा दिया है। इसके साथ इंदौर के 85 वार्ड में से भाजपा करीब 70 वार्ड में अपना कब्जा जमाते हुए दिख रही है। 

महाकाल की नगरी उज्जैन में भी भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। भाजपा प्रत्याशी मुकेट टटवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार को हरा दिया है। 

नगर निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में पहला नतीजा बुरहानपुर से आया जहां भाजपा  की महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल ने कांग्रेस प्रत्याशी शहनाज अंसारी को 542 वोटों से हराया है। बुरहानपुर में ओवैसी की पार्टी AIMIM के उम्मीदवार को सोहेले हाश्मी को 10 हजार से अधिक वोट हासिल हुए है। जो कांग्रेस की हार का बड़ा कारण माना जा रहा है। 

वहीं सतना में भाजपा के महापौर उम्मीदवार योगेश ताम्रकार ने कांग्रेस के महापौर उम्मीदवार और विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को 24916 वोटों से हराया। वहीं सतना नगर निगम के 45 वार्ड में से भाजपा ने 20 वार्ड, कांग्रेस ने 16 वार्ड और शेष अन्य में निर्दलीय और अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।  

प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीट सागर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी संगीता सुशील तिवारी ने 12665 वोटों से कांग्रेस की निधि जैन को हराया। सागर नगर निगम में भाजपा सरकार के 3 कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी।  

मालवा की इंदौर के साथ खंडवा नगर निगम पर भी भाजपा ने अपना कब्जा जमाया है। खंडवा से भाजपा उम्मीदवार अमृता यादव ने कांग्रेस की आशा मिश्रा को करीब 20 हजार वोटों से हराया।  

भाजपा ने जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया- नगर निगम में भाजपा की जीत पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। भाजपा अध्यक्ष ने इंदौर और भोपाल में पार्टी के महापौर उम्मीदवारें की ऐतिहासिक जीत के साथ इंदौर में 85 से से 75 वार्ड और भोपाल में बड़ी संख्या में भाजपा के पार्षद जीतने को ऐतिहासिक बताया। 

इसके साथ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने छोटे छोटे स्थानों पन्ना, खजुराहो जो नगर परिषद पार्टी ने कभी नहीं जीती थी, उसमें भी बीजेपी आगे बढ़ रही है। इसके साथ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कोने-कोने में बीजेपी नगर परिषद, नगर पालिका, नगर निगम में ऐतिहासिक बहुमत के साथ जनता का समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने जीता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि चुनाव में जिस तरह बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख से लेकर पन्ना समिति तक के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है कि आज मध्य प्रदेश के अंदर नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद में ऐतिहासिक बहुमत भारतीय जनता पार्टी को मिला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में जीत के बाद अब हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हम सब मिलकर उस जिम्मेदारी को जनता के प्रति ज्यादा जवाबदेह बनकर काम करेंगे।
 
ये भी पढ़ें
उज्जैन में BJP महापौर प्रत्याशी मुकेश टटवाल की जीत, कांग्रेस का हंगामा, रिकाउंटिंग की मांग