1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Aam Aadmi Party entry in Madhya Pradesh, Rani Agarwal victory in Singrauli

मध्यप्रदेश में AAP की धमाकेदार एंट्री, सिंगरौली नगर निगम में आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल जीतीं

Madhya Pradesh
भोपाल। दिल्ली और पंजाब में सत्ता हासिल करने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में धमाकेदार एंट्री की है। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली में महापौर पद पर अपना कब्जा जमा लिया है। सिंगरौली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने धमाकेदार जीत हासिल करते हुए भाजपा और कांग्रेस को चारो खाने चित्त कर दिया है। आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा को 9352 वोटों से हाराया। 
 
मध्यप्रदेश के सिंगरौली में आम आदमी पार्टी की पहली महापौर बनने वाली रानी अग्रवाल भाजपा छोड़कर आप में शामिल हुई थी। रानी अग्रवाल भाजपा से सिंगरौली जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी है। चुनावी साल में रानी अग्रवाल आम आदमी पार्टी में शामिल हुई थी। 

सिंगरौली में आम आदमी पार्टी की जीत को सियासी गलियारे में काफी चौंकाने वाली जीत माना जा रहा है। नगर निगम चुनाव में सिंगरौली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार किया था। केजरीवाल के रोड शो में जिस तरह जनसमुदाय उमड़ा था उसके बाद माना जा रहा था कि परिणाम काफी चौंकाने वाले होंगे।

मध्यप्रदेश में सिंगरौली नगर निगम पर कब्जा करने के साथ आम आदमी पार्टी ने कई अन्य निकायों में अपना खाता खोल जोरदार आमद दर्ज कराई है। टीकमगढ़ की ओरछा नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 में भी आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी गीता कुशवाहा ने जीत हासिल की है। वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में आम आदमी पार्टी के सात प्रत्याशी चुनाव जीते है।
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
भारतीयों में बढ़ रहा SUV का 'क्रेज', 5 साल में कंपनियों ने उतारे 36 मॉडल