सीधी में भाजपा नेता पर छेड़छाड़ का आरोप, पार्टी अध्यक्ष ने दिखाया बाहर का रास्ता
भोपाल। मध्यप्रदेश के सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान पर भाजपा दफ्तर में ही छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता ने छेड़छाड़ की वारदात को भाजपा दफ्तर के पास ही अंजाम दिया है। घटना के बाद पीड़ित युवती ने अपने को कंप्यूटर कक्ष में अपने को बंद कर लिया। पूरा मामला छेड़छाड़ की घटना के एक दिन बाद 17 अप्रैल को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया। वहीं इस पूरे मामले पुलिस में अब तक कोई शिकायत नहीं दर्ज हुई है।
सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल-भाजपा कार्यालय में युवती से छेड़छाड़ के मामले में भले ही भाजपा नेता के खिलाफ पुलिस में कोई शिकायत नहीं दर्ज की गई हो लेकिन सोशल मीडिया पर जमकर पूरा मामला ट्रोल हुआ। भाजपा से जुड़ी ही महिला की ओर से सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट पर कांग्रेस नेताओं के साथ भाजपा नेताओं ने टिप्पणी। इतना ही भाजपा की एक स्थानीय महिला नेत्री ने तो ये तक लिख दिया कि जिस तरह का अशोभनीय कृत्य हुआ है उसके बाद तो पार्टी कार्यालय में जाने में भी डर लगने लगा है। वहीं पूर्व विधायक केदार शुक्ला ने सोशल मीडिया के जरिए पूरी घटना पर सवाल उठाए।
आरोपी नेता पार्टी से बाहर-भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर छेड़छाड़ का आरोप लगने और सोशल मीडिया पर पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद आनन-फानन में सुरेश सिंह चौहान का भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूरे मामले पर एक्शन में लेते हुए सुरेश सिंह को पार्टी से बाहर का रास्त दिखा दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी की ओर से जारी निष्कासन पत्र में कहा गया है कि सीधी जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह द्वारा अशोभनीय कृत्य किया गया है, उससे पार्टी की छवि धूविल हुई है, यह कृत्य असहनीय है।
पीड़िता ने अपने साथ ही घटना की शिकायत सीधी विधायक रीति पाठक सहित पार्टी के नेताओं से की थी। वहीं इस पूरे मामले में पार्टी से निष्कासित नेता सुरेश सिंह ने अपनी सफाई दी है और इस पूरी घटना को षड्यंत्र और साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि सेना से रिटायर्ड होने के बाद 20 सालों से पार्टी के विभन्न पदों में रह कर जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, उन पर पूरा आरोप उन्हें बदनाम करने की साजिश है।