• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJP gaon Chalo campaign begins from Diggivjay stronghold
Last Updated : शुक्रवार, 9 फ़रवरी 2024 (15:49 IST)

दिग्विजय के गढ़ से भाजपा के गांव चलो अभियान का आगाज, बोले वीडी शर्मा, 58 फीसदी वोट के साथ हर बूथ जीतना लक्ष्य

दिग्विजय के गढ़ से भाजपा के गांव चलो अभियान का आगाज, बोले वीडी शर्मा, 58 फीसदी वोट के साथ हर बूथ जीतना लक्ष्य - BJP gaon Chalo campaign begins from Diggivjay stronghold
भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा के गांव चलो अभियान का आगाज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आवन से किया। भाजपा अध्यक्ष ने राघौगढ़ विधानसभा के बूथ क्रमांक 94,95,96,97 की बूथ समिति की बैठक को संबोधित करते  हुए कहा कि आवन गांव की जनता कांग्रेस और दिग्विजय सिंह से पूछ रही है कि अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण क्यों ठुकराया।

आवन गांव के 331 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान मिले हैं यह बहुत बड़ी बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी और जनकल्याण की योजनाएं जमीन पर आम आदमी तक पहुंचती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की वजह से आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है लोकसभा चुनाव में हर बूथ मोदी बूथ बनाने के साथ हर बूथ को कांग्रेस मुक्त बनाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतकर हर बूथ को मोदी बूथ बनाने के साथ हर बूथ को कांग्रेस मुक्त बूथ बनाना है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश के सभी बूथों पर 58 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की राज्य सरकार गरीब कल्याण के कार्यां के साथ विकास करते हुए प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने गांव में संपर्क कर केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के पत्रक भी वितरित किए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्तां ने भाजपा अध्यक्ष को भरोसा दिलाया  कि  लोकसभा चुनाव में 4200 मतदाताओं वाले आवन गांव में पार्टी को 3000 से अधिक मिलेंगे।

बच्चों के साथ किया योग, UPI से पेमेंट-भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने “गांव चलो अभियान” के तहत आवन ग्राम में बूथ क्र.-94, 95, 96 व 97 के "की-वोटर्स" से संवाद किया। आवन में रात्रि विश्राम करने के साथ भाजपा अध्यक्ष ने गांव में स्थित  आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद विधालय में योग किया। योग के पश्चात हनुमान मंदिर में सफाई की। इसके  साथ आवन गॉंव में चाय की दुकान पर ग्रामीणों से चाय पर चर्चा की और यूपीआई के माध्यम से चाय की दुकान पर भुगतान किया। वहीं भाजपा अध्यक्ष ने राघौगढ़ के ग्राम आवन के वार्ड क्रमांक 13 में दीवार लेखन कर ग्रामीणजनों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं के पत्रक वितरित किए।

लाभार्थी महिलाओं एवं युवाओं से किया संवाद- इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उज्जवला योजना और स्व सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे करीब कल्याण और जनहितैषी कार्यों की जानकारी भी दी। आवन गांव के लोगों को मुफ्त पोषण आहार, उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना और पीएम आवास योजना सहित लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।