रमेश मेंदोला की सबसे बड़ी जीत, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
Indore Assembly election: इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 से भाजपा नेता रमेश मेंदोला एक बार फिर विधायक बन गए हैं। इस क्षेत्र से यह उनकी लगातार चौथी जीत है। मेंदोला की यह जीत न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि चारों राज्यों में सबसे बड़ी जीत है। मेंदोला ने इस चुनाव में कांग्रेस के चिंटू चौकसे को 1 लाख 7 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया है।
91 हजार वोटों से जीत का रिकॉर्ड : इससे पहले भी रमेश मेंदोला जीत का रिकॉर्ड बना चुके हैं। 2013 में उन्होंने कांग्रेस के छोटू शुक्ला को 91 हजार वोटों से हराया था। यह मध्यप्रदेश में किसी भी उम्मीदवार की सबसे बड़ी जीत थी। 2018 में मेंदोला ने कांग्रेस के मोहन सेंगर को 71 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
रोचक रहा है 2 नंबर सीट का इतिहास : इस सीट का इतिहास काफी रोचक है। 1957 में यहां से पहला चुनाव मजदूर नेता कॉमरेड होमी दाजी ने कांग्रेस के गंगाराम तिवारी को 5799 वोटों से हराकर जीता था। चूंकि 2 नंबर विधानसभा का बड़ा हिस्सा मिल एरिया के नाम से प्रसिद्ध है। एक समय यहां बड़ी संख्या में मिल मजदूर रहते थे। उन्हीं की बदौलत दाजी को जीत मिली। 1972 में होमी दाजी एक बार फिर यहां से चुनाव जीते। इस बार उनकी जीत का अंतर भी 33 हजार से ज्यादा था।
6 बार कांग्रेस 7 बार भाजपा : कांग्रेस इस विधानसभा क्षेत्र से 6 बार चुनाव जीत चुकी है। 2023 की जीत के बाद भाजपा यहां से 7 बार चुनाव चुकी है। कांग्रेस की ओर से गंगाराम तिवारी और कन्हैया लाल यादव दो-दो बार, जबकि यज्ञदत्त शर्मा और सुरेश सेठ ने एक-एक बार चुनाव जीता। दूसरी ओर, भाजपा के टिकट पर तीन बार कैलाश विजयवर्गीय और 4 बार रमेश मेंदोला ने जीत दर्ज की है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
