शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. How true is Rahul Gandhi's claim of winning 150 seats in the Madhya Pradesh assembly elections
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : मंगलवार, 30 मई 2023 (15:09 IST)

राहुल गांधी के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 150 सीटें जीतने के दावे में कितना दम?

राहुल गांधी के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 150 सीटें जीतने के दावे में कितना दम? - How true is Rahul Gandhi's claim of winning 150 seats in the Madhya Pradesh assembly elections
Madhya Pradesh Political News:मध्यप्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव (Madhya Pradesh Election 2023) में सत्ता में वापसी की कोशिश में लगी कांग्रेस ने चुनाव से पहले जीत का बड़ा दावा किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी 150 सीटें जीतने जा रही है। सोमवार को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बड़ी बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में पार्टी के आतंरिक सर्वे में 150 सीटें जीतेंगी। राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने 136 सीटें जीती है वहीं मध्यप्रदेश में पार्टी 150 सीटें जीतेगी।
 
कर्नाटक की तर्ज मध्यप्रदेश में दावा क्यों?-राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में 150 सीटें जीतने का दावा पार्टी के इंटरनल असेसमेंट के आधार पर किया है। राहुल ने कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश में जीत दर्ज करने का दावा किया है। कर्नाटक के चुनाव नतीजे बताते है कि कांग्रेस को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का सीधा लाभ मिला। कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में 12 दिन गुजारे थे और प्रदेश में 380 किलोमीटर की यात्रा तय की थी। मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनावी एजेंडे को सेट कर दिया था औऱ अब राहुल गांधी के 150 सीटें जितने के दावे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।

राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के जरिए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता को रिचार्ज कर दिया है। इसके साथ राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस के परंपरागत आदिवासी वोट और किसानों के वोट बैंक को भी साधने की कोशिश की थी।     

मालवा-निमाड़ के रिस्पॉन्स से कांग्रेस में जोश-राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा में मध्यप्रदेश में सबसे अधिक मालवा औऱ निमाड़ पर फोकस किया था और मालवा-निमाड़ में 66 विधानभा सीटें आती है। मध्यप्रदेश का सियासी इतिहास बताता है कि चुनाव में जो पार्टी मालवा-निमाड़ में जीत हासिल करती है वह सत्ता में काबिज होती है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मालवा-निमाड़ में भाजपा को तगड़ा नुकसान पहुंचाते हुए 37 विधानसभा सीटें जीती थी और अब 2023 विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस का पूरा फोकस मालवा-निमाड़ पर ही है।

मालवा-निमाड़ से गुजरी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने मध्यप्रदेश में काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और कांग्रेस ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपने कोर वोट बैंक आदिवासी और दलित वोट बैंक पर खासा फोकस किया था। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल और प्रियंका आदिवासी रंग में रंगे नजर आने के साथ खंडवा में बड़ौदा के अहीर में आदिवासी नायक टंट्या भील की जन्मस्थली पहुंचकर उन्हें श्रदांजालि दी। मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने कांग्रेस के परंपरागत दलित और आदिवासी वोटरों को फिर से पार्टी के साथ जोड़ने के लिए राहुल गांधी ने पूरा फोकस किया है।
 

राहुल ने आदिवासियों के हक की बात उठाते हुए कहा था कि आदिवासी हिंदुस्तान का ओरजनिल मालिक है। भाजपा आदिवासियों को वनवासी बातकर आपका हक छीन लेती है। भाजपा कहती है कि यह जमीन आपकी नहीं है और न कभी रही। कांग्रेस पार्टी आदिवासियों को देश असली मालिक मानती है और मानती है कि यह देश आप से लिया गया। राहुल ने कहा कि आदिवासियों के हक की लड़ाई केवल कांग्रेस पार्टी लड़ती है। राहुल गांधी के आदिवासी वोटरों पर फोकस करने का बड़ा कारण 2018 के विधानसभा चुनाव में आदिवासी वोट बैंक का एकमुश्त कांग्रेस में जाना है। राज्य में विधानसभा की 230 सीटों में से 47 सीटें अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं और 2018 के विधानसभा  चुनाव में कांग्रेस ने इन 47 सीटों में से 30 सीटों पर जीत हासिल की थी।

मुद्दों पर भाजपा पर भारी पड़ने की रणनीति- कर्नाटक की तर्ज पर मध्यप्रदेश में कांग्रेस में स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। कांग्रेस प्रदेश में भ्रष्टाचार के साथ महिलाओं  किसान और युवाओं पर खासा फोकस कर उनसे जुड़े मुद्दों को उठा रही है। विधानसभा चुनाव में महिला वोटरों को रिझाने के लिए भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्रत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को 1 हजार रुपया हर महीना देने का एलान किया तो कांग्रेस ने उससे बढ़कर नारी सम्मान योजना के तहत सरकार आने पर डेढ़ हजार रुपए देने का एलान कर दिया।

इसके साथ विधानसभा चुनाव में महंगाई को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने सत्ता में आने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा कर रही है। इसके साथ कांग्रेस सरकार आने पर 100 यूनिट बिजली माफ करने के साथ 200 यूनिट तक बिजली का बिल हाफ करने  का वादा कर रही है।

इसके साथ मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस किसान वोट बैंक को साधने के लिए सत्ता में आने पर कर्जमाफी का वादा कर रही है। वहीं सरकार आने पर कांग्रेस कर्मचारियों के लिए पुरानी  पेंशन योजना लागू करने का वादा कर रही हैवहीं चुनाव में युवा वोटरों को साधने के लिए रोजगार देने का वादा करने के साथ सत्ता में आने पर बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने जा रही है। पार्टी अपने वचन पत्र में सत्ता आने पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ दो से ढाई हजार तक बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने की तैयारी में है।
 

MP में 150 सीटें जीतने के दावे में कितना दम?-मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राहुल गांध के 150 सीटें जीतने के दावे के बाद प्रदेश का सियासी पारा गर्मा गया है। मध्यप्रदेश की राजनीति को कई दशकों से करीबी से देखने वाले वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गुप्ता कहते हैं राहुल गांधी ने किस आधार पर कोई असेसमेंट किया है, इस बार में जब तक पार्टी का असेममेंट सामने नहीं हो, तब तक उसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता क्योंकि यह उनका इंटरनल असेसमेंट है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 115 सीटें मिली थी और कांग्रेस की सरकार गिरी है,तो वह अपने बारे में सकारात्मक सोच सकते है।

राजनीतिक विश्लेषक दिनेश गुप्ता 'वेबदुनिया' से बातचीत में आगे कहते हैं कि मध्यप्रदेश में सरकार गिरने और सरकार की एंटी इनकंबेंसी का लाभ कांग्रेस को मिलेगा और इसमें कुछ भी आश्चर्यजक नहीं है। राहुल गांधी जो कुछ कहा है उसको आप एक सिरे से खारिज भी नहीं किया जा सकता। कर्नाटक में लोग मान रहे थे कि बजरंग बली के कारण भाजपा की सरकार आ जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कर्नाटक की तर्ज पर क्या मध्यप्रदेश में भी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का फायदा कांग्रेस को मिलेगा इस पर वरिष्ठ पत्रकार दिनेश गुप्ता कहते हैं कि कर्नाटक में भारत जोड़ो यात्रा ही एक मात्र कारण नहीं रहा,वहां पर भी सरकार गिरी थी औऱ एंटी इनकंबेंसी थी। कर्नाटक में जनता ने जो वादे किए थे वह महत्वपूर्ण थे और जनता जहां चेंज चाहती है वहां पर चेंज होता है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर फोकस करती हुई दिखाई दे रही ह।  
भाजपा ने राहुल गांधी पर कसा तंज-राहुल गांधी के 150 सीटें जीतने के राहुल गांधी के दावे पर कांग्रेस जहां जोश में दिखाई दे रही है वहीं भाजपा ने तंज कसा है। प्रदेश  कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि राहुल गांधी ने 150 सीटें जीतने की जो बात कही है और पार्टी का हर नेता उनकी बात से सहमत है। सबको राहुल गांधी की बात का भरोसा है और इस भरोसे का आधार है कि राहुल गांधी के पास ऐसे नतीजे का इनपुट है।

वहीं भाजपा ने राहुल गांधी के दावे को लेकर उन पर तंज कसा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने के लिए बाबा का ख्याल अच्छा है, भाजपा मध्यप्रदेश में 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी। अब उनको ख्याली पुलाव पकाने है तो पकाते रहे। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे है। मध्यप्रदेश में भाजपा अपने संगठन और विकास के मु्द्दों पर 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
ये भी पढ़ें
महू में क्या भाजपा बदलेगी उम्मीदवार, कांग्रेस किस पर लगाएंगी दांव?