1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. Madhya Pradesh assembly election 2023 : ambedkar nagar mhow

महू में क्या भाजपा बदलेगी उम्मीदवार, कांग्रेस किस पर लगाएंगी दांव?

Madhya Pradesh assembly election 2023
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की अंबेडकर नगर (महू) विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही ओर से दिग्गजों की निगाहें लगी हुई हैं कहा जा रहा है भाजपा यहां से इस बार मंत्री उषा ठाकुर के स्थान पर नया चेहरा उतारने की तैयारी में है। वहीं कांग्रेस की ओर से 3 दिग्गजों की नजर इस सीट पर है।
 
धार संसदीय क्षेत्र में आने वाली इस सीट पर भाजपा के कई स्थानीय नेता यहां से मध्यप्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे के लिए टिकट की मांग कर रहे हैं। हालांकि कविता पाटीदार समेत कई अन्य नेताओं की नजर भी इस सीट पर है। लेकिन, कविता राज्यसभा सदस्य हैं, ऐसे में खुद ही उनकी दावेदारी कमजोर हो जाती है।

हालांकि कई भाजपा नेता किसी स्थानीय को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। किसी बाहरी को लाया गया तो महू विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय दावेदार कहां जाएंगे।

वैसे भी उषा ठाकुर के लिए कहा जाता है कि वे एक सीट से दूसरी बार चुनाव नहीं लड़ती हैं। उन्हें इंदौर शहर की 1 नंबर या 3 नंबर विधानसभा से चुनाव लड़ाया जा सकता है। 
 
अंबेडकर नगर महू सीट पर पिछले 3 चुनावों से भाजपा का कब्जा है। दिग्गज भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय 2 बार यहां से विधायक रहे हैं। पिछली बार पार्टी ने यहां से उषा ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा था।
 
इंदौर-1 और इंदौर-3 से विधायक रह चुकीं उषा ठाकुर ने 2018 के विधानसभा चुनाव में बेहद रोचक मुकाबले में कांग्रेस नेता अंतर सिंह दरबार को 7,157 मतों मात दी थी। इससे पहले 2003 में वे रामलाल यादव और अश्विन जोशी जैसे दिग्गजों को चुनाव मैदान में पटखनी दे चुकी हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि यह दिग्गज भाजपा नेता एक बार फिर इंदौर की किसी सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
 
इधर कांग्रेस में भी इस सीट के लिए कई दावेदार है। अंतर सिंह दरबार, आनंद राय और सदाशिव यादव जैसे नेता टिकट की कतार में है। हालांकि पिछले 3 चुनाव हारने के बाद भी कांग्रेस से अंतर सिंह दरबार का दावा इस बार भी मजबूत नजर आ रहा है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
मध्यप्रदेश में पीएम मोदी के वोकल फॉर लोकल नारे को कांग्रेस ने बनाया चुनावी हथियार, 5 गांरटी बना सकता चुनावी ट्रंप कार्ड !