• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. BJP's focus on Vindhya in Madhya Pradesh assembly elections
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : शुक्रवार, 3 नवंबर 2023 (15:21 IST)

एमपी चुनाव में विंध्य पर BJP का फोकस, सीएम शिवराज ने जारी किया विंध्य के विकास का रोडमैप, रीवा में नड्डा की चुनावी सभा

एमपी चुनाव में विंध्य पर BJP का फोकस, सीएम शिवराज ने जारी किया विंध्य के विकास का रोडमैप, रीवा में नड्डा की चुनावी सभा - BJP's focus on Vindhya in Madhya Pradesh assembly elections
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अब विंध्य पर फोकस कर दिया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विंध्य की 30 विधानसभा सीटों में से 24 सीटों पर जीत हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की थी। इस बार भी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विंध्य पर फोकस किया है। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विंध्य के रीवा पहुंचे तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विंध्य के ही सतना पहुंचकर चुनावी शंखनाद किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सतना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विंध्य के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, विंध्य ने कांग्रेस को सब कुछ दिया लेकिन कभी भी कांग्रेस ने विंध्य को कुछ नहीं दिया चाहे दिग्विजय सिंह का शासनकाल हो या पहले की कांग्रेस सरकारें। विकास की दृष्टि से विंध्य को पिछड़ा रखने का पाप अगर किसी ने किया है तो वह कांग्रेस पार्टी है। विंध्य में जो भी विकास कार्य हुए हैं वह भाजपा की सरकार में ही हुए हैं। साथ ही विजन डॉक्यूमेंट बताते हुए सीएम ने कहा कि, आने वाले समय में विंध्य में एयरपोर्ट, रिंग रोड, बाईपास कॉलेज और सतना में ग्लोबल स्किल पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, कमलनाथ जी बताएं अपने सवा साल के कार्यकाल में विंध्य के लिए क्या किया...?

विंध्य का विजन डॉक्यूमेंट-सीएम शिवराज ने कहा कि आगे आने वाले समय में विंध्य में हम जो बड़े कार्य करने वाले हैं, उनमें रीवा में एयरपोर्ट बन रहा है, शहडोल में एयरपोर्ट बन रहा है, सिंगरौली में हवाई पट्टी, मऊगंज में बाईपास, ब्योहारी में रिंग रोड, सिंगरौली बाईपास, अनूपपुर में बाईपास और रीवा में भी हम बेला-श्योपुर रिंग रोड बनाएंगे। सिंगरौली में 122 करोड रुपए की लागत से माइनिंग कॉलेज बन रहा है। 5 हजार 600 करोड़ की सुपर क्रिटिकल इकाई अमरकंटक ताप विद्युत गृह बनाने वाले हैं। सिंचाई में नर्मदा जी का पानी हमारी जो टनल बन रही है, उसमें विशेष परिस्थितियों के बाद भी निर्माण कार्य जारी है। वर्ष 2024 तक हम नर्मदा जी का पानी यहां लाएंगे। बाणसागर बाण से सीतापुर हनुमना माइक्रो इरिगेशन सिंचाई परियोजना, सिंगरौली में 672 करोड़ रूपए की लागत से माइक्रो इरिगेशन। इसके साथ ही हमने आगे का रोडमैप भी तैयार किया है।

परिवारवाद की पोषक है कांग्रेस-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर परिवारवाद को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, सोनिया गांधी अपने बेटा-बेटी को स्थापित करने में जुटी हुई है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी परंपरा निभाते हुए अपने-अपने बेटों को स्थापित करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि, कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ तो खुद ही छिंदवाड़ा के टिकट बाट देते हैं, और उसके बाद कांग्रेस डिक्लियर करती है। सीएम शिवराज ने कहा कि, इंडी गठबंधन भी पूरी तरह बिखर गया है। अब तो नीतीश कुमार ने भी कह दिया है कि, कांग्रेस दूसरी पार्टियों की चिंता नहीं करती है। कांग्रेस में केवल परिवारों की ही चिंता होती है। गठबंधन तो बिखर गया है। अब कांग्रेस पार्टी बी बिखर रही है और अब सफाई देनी पड़ रही है हम साथ-साथ हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यह वही कांग्रेस है जो भगवान राम को काल्पनिक कहती थी, एफिडेविट देकर सवाल पूछे जाते थे कि दशरथ जी के महल में 10 हजार कमरे थे बताओ कौन से कमरे में जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि, राम हमारे अस्तित्व है, आराध्य हैं, प्राण हैं, भगवान है, भारत की पहचान है। उनके बिना यह देश नहीं जाना जा सकता। कांग्रेस को अब लग रहा है जनता नहीं मानेगी तो राम नाम की माला जप रहे हैं हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।
 
ये भी पढ़ें
राजनाथ ने बताया, राजनीति में विश्वास के संकट के लिए कौन जिम्मेदार?