वेलेंटाइन वीक स्पेशल : प्रॉमिस डे
प्रॉमिस डे : वादा करें प्यार से 'प्यार' का
ND
प्यार के लिए यूं तो कोई खास दिन मुकर्रर नहीं होता। यह तो वे भावनाएं हैं जो कभी भी उमड़ सकती हैं पर माना जाता है कि फरवरी का महीना प्रेमियों के लिए खास होता है। यही वह महीना है जिसमें वह अपने किसी खास दोस्त को दोस्ती के आगे बढ़कर उससे अपने प्यार का इजहार करते हैं। अब यह प्यार का इजहार चाहे गुलाब का फूल देकर रोज डे पर हो या फिर प्रॉमिस डे पर उसके लिए कुछ खास वादा कर।
यूं तो इन दिनों के खेल में कोई नहीं बंधा पर फिर भी युवाओं में वेलेंटाइन वीक का खासा क्रेज रहता है। वेलेंटाइन डे से पहले और उसके बाद तक भी किसी न किसी रूप में युवा इसे मनाते हैं। टेडी डे और चॉकलेट डे के बाद आता है प्रॉमिस डे।
बहुत से युवा इस दिन अपने दिलबर से कोई वादा करते हुए अपने प्यार की शुरुआत करते हैं। ऐसा नहीं है कि यह वीक चाहने वालों के लिए ही बना है। यार-दोस्तों में आपस में भी इस वीक को लेकर बहुत उत्साह रहता है। युवा अपने दोस्तों के लिए भी उपहार आदि खरीद कर अपनी दोस्ती पक्की करते हैं और प्रॉमिस डे पर उन्हें कोई ऐसा वादा करते हैं जो वह हमेशा निभा सकें।
यह तो बाद की बात है कि इस दिन का किया हुआ प्रॉमिस कहां तक निभाया जाता है। पर जो भी हो युवा इस दिन को बहुत दिल से मनाते हैं और अपने किए हुए वादे को दिल से निभाने की कोशिश भी करते हैं लेकिन किसी की कोशिश कामयाब होती है तो किसी की नहीं। खैर यह तो आप के ऊपर निर्भर करता है कि आप कितने दिल से अपने प्रॉमिस को निभाते हैं।
ND
तो फिर देर किस बात की, प्रॉमिस डे पर इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रॉमिस रूपी ग्लू से जोड़ लीजिए अपने उस खास से जीवनभर का एक 'अटूट' रिश्ता।

