1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. लवमंत्र : अब नहीं चलती नखरे वालियां

लवमंत्र : अब नहीं चलती नखरे वालियां

गीतिका कानूनगो

डेटिंग टिप्स
ND
अगर आपने इस्मत चुगतई की 'चिड़ी की दुक्की' पढ़ी है या फिर जेन ऑस्टिन की 'प्राइड एंड प्रिज्युडिस' तो शायद आप बात का मतलब ज्यादा आसानी से समझ जाएंगे। उक्त दोनों ही कहानियों में अंततः सीरत और गुण या बुद्धिमता को तवज्जो मिलती है...। चलिए सीधे मुद्दे पर आते हैं। मात्र आकर्षण के चलते भले ही एक पुरुष केवल स्त्री के सुंदर चेहरे को प्राथमिकता दे सकता है लेकिन जब बात जीवनभर के साथ की हो तो अंततः सीरत या गुण जीत जाते हैं।

महिलाओं के मामले में तो हमेशा से यह कहा ही जाता है कि वे पुरुष में व्यावहारिकता, सेंस ऑफ ह्यूमर, अच्छी नौकरी आदि-आदि को तवज्जो देती हैं लेकिन पुरुषों के मामले में भी कुछ ऐसा ही कहा जा सकता है।

आज जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हुई हैं, आत्मविश्वास के साथ अपने कदम रख रही हैं तब पुरुषों की भूमिका भी मित्र और सहयोगी की ज्यादा होने लगी है। जीवनसाथी के रूप में भी पुरुष चाहते हैं कि उनकी सहधर्मिणी में चेहरे की खूबसूरती से ज्यादा गुणों की सुंदरता हो...। तो कैसी गुणवंती स्त्री आधुनिक पुरुषों की पसंद है...चलिए जानते हैं।

थोड़ा सोशल हो
बात चाहे रिश्ते के किसी विवाह आयोजन की हो या फिर दफ्तर में होने वाले गेट-टुगैदर की... पुरुष चाहते हैं कि उनकी पत्नी सही रूप में उनकी मित्र और सहधर्मिणी बनकर साथ रहे। वह लोगों से मिलने-जुलने, सोसायटी में पहचान बनाने में उनका साथ दे। आजकल तो पति यह भी चाहते हैं कि यदि उनकी पत्नी का कोई खास गुण कुकिंग, पेंटिंग, इंटीरियर डेकोरेशन, सिंगिंग या अन्य कोई भी गुण उनसे जुड़े बाकी लोगों को भी पता चले। वे बकायदा अपनी पत्नी की उपलब्धियों तथा गुणों को गर्व के साथ लोगों को बताना चाहते हैं।

तुम्हारे पास लाइसेंस है..?
बात केवल लांग ड्राइव तक सीमित नहीं है। तेजी से बदल रही दुनिया में आज वाहन चलाना एक आवश्यक गुण हो गया है। पतिदेव को ऑफिस की बस के लिए बस स्टॉप तक छोड़ना हो, बच्चों को स्कूल लाना-ले जाना हो, घरेलू खरीदारी करनी हो या फिर पति तथा घर के अन्य पुरुषों की अनुपस्थिति में किसी आपात स्थिति को संभालना हो... ये सभी काम वाहन के होने पर और भी सुविधाजनक हो जाते हैं। इसलिए अधिकांश पुरुष ये चाहते हैं कि उनकी पत्नी वाहन चालक भी हो। केवल पत्नी ही क्यों... बेटी, बहन या कई मामलों में तो बेटे अपनी मां को भी वाहन चलाना सिखा डालते हैं। यहां असल में मामला कामकाज में सुविधा के साथ ही आत्मनिर्भरता से भी जुड़ा होता है।

ND
बांट लो गम भी, खुशी भी
दिनभर का ऑफिस का तनाव, अपने बचपन, स्कूल या कॉलेज की बातें या फिर यूं ही कुछ हल्का-फुल्का... पुरुष चाहते हैं कि उनके साथ जीवनभर के बंधन में बंधा दूसरा इंसान धैर्य के साथ उनकी बातें सुनने और जरूरत पड़ने पर कोई मैच्योर डिसीजन लेने में भी सक्षम हो।

जब उनकी बातों को कोई ध्यान से सुनता है, समझता है तो उन्हें यह महसूस होता है कि कोई उनकी केयर करता है। खासतौर पर तब जब वे किसी तनाव की परिस्थिति से जूझ रहे होते हैं। यूं भी हमारे समाज ने पुरुषों के लिए भावनाओं को एक्सप्रेस करने के मामले में ढेर सारे बंधन और रूढ़ियां बना रखी हैं। इसलिए वे अपना दर्द बांटने से बचते हैं। इसलिए जब वे कुछ कहना चाहते हैं तो सामने वाले का धैर्य उन्हें और उत्साहित करता है। यही नहीं महिलाओं के केयरिंग नेचर को भी पुरुष पसंद करते हैं।

नखरेवाली को नो नो
यहां नखरे से मतलब है दिखावे या झूठी छवि से। पुरुष हमेशा से ऐसी स्त्री को पसंद करते हैं जो सहज, स्वाभाविक तरीके से जीवन जीती हो। थोड़ी हिचक या झिझक स्वाभाविक है लेकिन हर बात को लेकर आपका दोहरे मापदंड रखना पुरुषों को पसंद नहीं आता। पसंद-नापसंद सबकी अपनी होती है लेकिन जब आप किसी ग्रुप के साथ हों या फिर पूरे परिवार के साथ... तो कभी-कभी आपको अपनी निजी पसंद तथा कंफर्ट जोन को कुछ समय टालना भी पड़ सकता है। कहने का तात्पर्य यह कि आपका व्यक्तित्व झूठ, फरेब, दिखावे आदि से परे होना चाहिए।

जी लो जी भर के
हंसी, प्रेम, साहस और जीवंतता के साथ जीवन जीने वाली स्त्रियां पुरुषों को पसंद आती हैं। छोटी-छोटी बातों में चीखने-चिल्लाने वाली, हमेशा जिंदगी से परेशान रहने वाली, अभावों व दुखों को जीने वाली तथा शिकायतें करने वाली स्त्रियां पुरुषों को कम पसंद आती हैं। पुरुष चाहते हैं कि उनके साथ जुड़ी महिला जीवटता से चुनौतियों का सामना करे, समय पड़ने पर उनके साथ साहस से खड़ी हो और घरभर में पॉजीटिव एनर्जी का संचार करने वाली हो। अपने आसपास हंसी वाला माहौल बनाए रखने वाली महिलाएं पुरुषों की पसंद होती हैं।

वाह..! क्या स्वाद है
बरसों से महिलाओं को रटाया जा रहा यह मंत्र वाकई अचूक है। स्वादिष्ट खाना बनाने वाली तथा प्रेम से खिलाने वाली महिलाएं पुरुषों को पसंद आती हैं। यही नहीं आज के पुरुष यह भी चाहते हैं कि उनकी पत्नी खुद भी हेल्दी खाए, फिट रहे और पूरे घर को भी फिट रखे। क्योंकि ज्यादातर पुरुषों को लगता है कि वे डाइट करने या खाने में संतुलन बनाने के मामले में कच्चे होते हैं। ऐसे में उन्हें मोटीवेट करने तथा फिट बनाए रखने में पत्नियां सही भूमिका निभाती हैं।

थोड़ा संतुलन भी है जरूरी
अधिकांश पुरुष उन स्त्रियों की ओर आकर्षित होते हैं जो सामान्य तौर पर सामने आने वाली विकट परिस्थितियों से न केवल एडजस्ट कर लेती हैं बल्कि कई बार तो अपने हर दम पर परेशानी को सुलझा भी लेती हैं। पुरुष यह कतई नहीं चाहते कि उनकी पत्नी चुपचाप तकलीफ सहती रहे या हमेशा परेशानी में भी एडजस्ट करे लेकिन हां अचानक मेहमानों के आ जाने, घर की किसी व्यवस्था के डगमगा जाने या फिर अपने दफ्तर में किसी नए नियम के आ जाने पर वह थोड़ा सामंजस्य बैठा सकें यह जरूर हर पुरुष की चाहत होती है।

PR
तुम भी तो खास हो
केवल खुद के लिए या अपने घर और बच्चों के लिए ही नहीं... पति चाहते हैं कि उनकी पत्नी खुद की देखभाल के लिए भी गंभीर हो। वह अपने खान-पान, आराम और पसंद को लेकर सजग रहे और उसे पति तथा घर के अन्य लोगों से भी बांटे। उसके पास अपनी रुचियों के लिए वक्त हो और वह अपने लिए कुछ समय निकाले, यह भी पति चाहते हैं। आज के पुरुष मानते हैं कि जिस तरह दफ्तर का एकरस रूटीन उन्हें बोर कर देता है उसी तरह उनकी पत्नियां भी घर या ऑफिस से कभी न कभी थक जाती हैं। इसलिए उन्हें खुद के लिए भी समय जरूर निकालना चाहिए।

असल में थोड़े-बहुत हेरफेर से लगभग यही सब गुण स्त्रियां भी पुरुषों में पसंद करती हैं। आखिर यह मामला तो दोनों के जुड़ाव का ही है। मतलब यह कि स्त्री हो या पुरुष...असल में एक सहज, सौम्य, हंसमुख, विचारवान, सुलझे हुए तथा समझदार हमसफर के साथ जीवन बिताना चाहते हैं। इसलिए महत्व ऊपरी दिखावे का नहीं, मन की सुंदरता का बढ़ जाता है।