लव मंत्र : इसे पढ़ें 'ब्रेकअप' से पहले
अर्चना आनंद गोरानी
PR |
हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं, एकरसता और कई बार तकरार भी लंबी चल सकती है। कई बार छोटी-छोटी चीजें इतनी बड़ी हो जाती हैं कि रिश्ते को खत्म करने के बारे में सोचा जाने लगता है, लेकिन सोचने की बात ये है कि क्या छोटी-छोटी चीजें इतनी बड़ी हैं कि उनके सामने आपका रिश्ता बौना हो गया है।
दो साल साथ रहने के बाद रानू और संजीव अलग हो रहे थे। अनायास हुए इस वज्रपात से पूरे परिवार की जड़ें हिल गईं। सुगठित संयुक्त परिवार, नाम, पैसा, इज्जत सभी कुछ तो था फिर आखिर ऐसा क्या हुआ कि नौबत यहां तक आ पहुंची?
संजीव स्वयं एक समझदार और गंभीर इंसान है, वहीं रानू भी पढ़ी- लिखी व्यवहार कुशल है फिर आखिर ऐसा क्या हो गया जो सीधे तलाक लेने की तैयारी होने लगी। कहीं ऐसा तो नहीं कि समय, काल या परिस्थितिवश लिया हुआ निर्णय किसी दबाव या जल्दबाजी का नतीजा हो। कहीं ऐसा तो नहीं कि आप इनमें से किसी कारणवश अलग रहने का फैसला ले रहे है-
पारिवारिक दबाव में
कई बार मुद्दा परिवार के अन्य सदस्यों से संबंधित होता है। प्रायः सास-बहू या देवरानी-जेठानी के अलावा ये रिश्ते ससुर-बहू या अन्य किसी भी प्रकार के हो सकते हैं। जब परिस्थितियां हाथ से बाहर हो जाए तो बजाय ब्रेकअप के परिवार से अलग होकर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।
इससे गृहस्थी टूटने से बचेगी और रिश्तों में आई दूरी धीरे-धीरे खटास को कम भी कर देगी। कई बार माता-पिता या अन्य सदस्यों का दबाव इतना बढ़ जाता है कि व्यक्ति परिवार के लिए पार्टनर को छोड़ने को तैयार हो जाता है। संभवतः आर्थिक असुरक्षा भी इसका एक कारण हो सकता है पर याद रखें पति-पत्नी का रिश्ता किसी भी अन्य रिश्ते से अधिक महत्वपूर्ण है।
ND |
शक या आशंका के चलते
कई बार दोनों के बीच शक इतने गहरे तक पैठ जाता है कि व्यक्ति को दिन-रात सारी गतिविधियां संदिग्ध ही लगती है। हो सकता है यह शक वास्तविक भी हो, यदि ऐसा है भी तो आपसी विचार-विमर्श से उचित निर्णय लिया जा सकता है। दूसरी परिस्थिति यह भी हो सकती है कि शक निराधार हो। यदि ऐसा है तो शांत चित्त से स्थितियों का मुआयना करें, जरूरत पड़े तो किसी निकटस्थ की मदद भी ले सकते हैं।
पिछले साथी से कमतर होने के कारण
पिछले अफेयर को भुलाना आसान नहीं होता और यदि पिछला साथी बहुत अनुकूल था तो न चाहते हुए भी वर्तमान साथी की उससे तुलना होना स्वाभाविक है। जब हाथ की पांच अंगुलियां ही समान नहीं होती तो ऐसे में उन दोनों की क्रियाओं या विचारों में समानता होना नामुमकिन ना सही मुश्किल जरूर है।
बजाय तुलना करने के आप अपना देखने का नजरिया बदलें। पहले आपका जीवनसाथी जैसा है उसे वैसा स्वीकारना शुरू करें फिर धीरे-धीरे अपनी पसंद के अनुरूप ढालना शुरू करें। लेकिन इसमें भी उसकी खुशी और पसंद का ध्यान जरूर रखें। साथ रहते-रहते ये सहजता से होने लगेगा लेकिन, उसके लिए आपको संयम से काम लेना होगा।
गलत आदत या कोई कमी
हो सकता है आपके साथी में भी कुछ गलत आदतें हो या कोई बड़ी कमी जिससे आपका जीवन प्रभावित होता हो। याद रखे कि संपूर्णता कुछ भी नहीं होती है। आप भी संपूर्ण नहीं हैं। फिर क्यों बेवजह मुद्दा बनाया जाए। हो सकता है कि आपके प्यार और विश्वास के सहारे वो अपनी गलत आदतों को सुधार सके।
कमी की पूर्ति किस तरह की जा सकती है? या उसका और कोई विकल्प हो सकता है, इस पर विचार करें। आज के अत्याधुनिक तकनीकी समय में हर समस्या का समाधान मौजूद है।
दोस्तों के बहकावे में
शादी के पहले लड़कों का सबसे ज्यादा समय अगर कहीं बीतता है तो वो दोस्तों के साथ, और शादी में भी दोस्तों की अहम् भूमिका होती है। दोस्तों की राय बहुत मायने भी रखती है। ऐसे में कभी-कभी दोस्त प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आपके पार्टनर के लिए कोई कमेंट भी पास कर सकते है या फिर हो सकता है आपके पार्टनर से हुई छोटी-मोटी अनबन को वो हवा देकर बात का बतंगड़ बना दे।
कभी-कभी पार्टनर के रंग-रूप यहां तक कि उसके चरित्र के बारे में भी भड़काने में ये पीछे नहीं रहते हैं। सभी दोस्त ऐसे नहीं होते पर कभी स्वार्थवश या ईर्ष्यावश भी ऐसा हो सकता है और ये ब्रेकअप का कारण बन सकता है।
कारण चाहे कोई भी हो इतना तो तय है कि जिद और अंहकार से कोई रिश्ता जीवित नहीं रखा जा सकता है। आज वक्ती उफान के चलते बिना सोचे-समझे जल्दबाजी में कोई भी निर्णय लेना आसान है लेकिन जीवन की सांझ में जब सब स्वयं के जीवन में रम जाएंगे, तब आपको जरूरत होगी किसी अपने की और वो नितांत अपना सिर्फ और सिर्फ आपका पार्टनर ही हो सकता है। तो क्या फिर इतना सख्त निर्णय लेने से पहले सोच लेना ज्यादा जरूरी नहीं है...?

