लव-मंत्र : टूटता प्यार, कारण हजार
अपराजिता
ND
आमतौर पर देखा गया है कि पति अपनी पत्नी की ख्वाहिशों, इच्छाओं को ज्यादा तूल नहीं देता। जिन घरों में पत्नी कामकाजी होती है, वे अपने अधिकारों तथा अपनी इच्छाओं को दबाने के पक्ष में नहीं होती। यही वजह है कि पति-पत्नी में अक्सर उनका आत्मसम्मान आड़े आने लगता है। जब पति-पत्नी एक स्तर के होते हैं तो पहले-पहल रिश्ता काफी मजबूत होता है।
लेकिन आमतौर पर ऐसे जोड़ों के बीच ही प्रतिस्पर्धा अपने उफान पर होती है। कोई एक यदि हार जाता है तो दूसरे के मन में अपने पार्टनर के प्रति घृणा भर जाती है। इसी तरह सफल पार्टनर के मन में जीत का उत्साह मौजूद होता है इसलिए वह घमंड से चूर भी हो सकता है। असल में जब तक पति-पत्नी एक-दूसरे की सफलता को खुद से नहीं जोड़ेंगे तब तक उनके आपसी रिश्ते तमाम कोशिशों के बावजूद अच्छे मुकाम पर नहीं पहुंच सकते।
ND
आमतौर पर देखा जाता है कि पुरुष अक्सर अपनी पत्नी के सामने दो ही विकल्प रखते हैं। पहला, काम न करो और दूसरा, काम की आड़ में घर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जहां महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनकी मदद की है, आर्थिक स्थिति से अपने परिवार को मजबूत बनाया है, वहीं पुरुषों को चाहिए कि अपनी पत्नी को सहयोग करें ताकि भावनात्मक रूप से महिला कभी खुद को अकेला और तन्हा न पाए। अपने प्यार को किसी भी परिस्थिति में टूटने ना दें, चाहे हजारों कारण आपकी राहों में आए यही सुखी जीवन का लव-मंत्र है।

