1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु

बहकते कदमों को थामना जरूरी

रोमांस इश्क प्रेम प्यार मोहब्बत लव
- विशाल

FILE
स्कूल से निकलने के बाद और कॉलेज के 3-5 वर्षों का समय युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा होता है। आमतौर पर देखा जाता है कि इस दौरान वे अपना ज्यादा ध्यान जिस भी चीज पर देते हैं उसमें आगे निकल जाते हैं। चाहे करियर में रुचि दिखाएं, कामकाज शुरू कर पैसा कमाना चाहें या इश्क-मोहब्बत के चक्कर में पड़ जाएं।

इस उम्र में जो कुछ भी होता है वो अनुभवों से कम और परिवेश से अधिक सीखा जाता है। यदि इस समय आप संभल गए तो आपका भविष्य सुनहरा हो सकता है।

प्रत्येक व्यक्ति को पूरा हक है अपने हाथों से अपने सपनों को संजोने का। परंतु ऐसा न हो कि अपने एक गलत निर्णय से आपको भविष्य में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़े।

किशोर मन असमंजस की स्थिति में रहता है कि अब आगे अपने करियर पर ध्यान दूँ या चोरी-छिपे मशगूल हो गए नए रिश्ते को गंभीरता से निभाऊं। देखिए, प्यार करना बुरी बात नहीं है परंतु यदि आप अपने पैरों पर खड़े नहीं हुए तो भविष्य में काफी तकलीफें उठानी पड़ सकती हैं।

ऐसे में आप न तो अपने जीवनसाथी का साथ निभा पाएँगे और न ही करियर में कुछ कर सकेंगे। इसलिए जो कुछ भी करे सोच समझकर करें। इसके लिए सलाह लें अपने समझदार दोस्तों की। क्योंकि आपको उलटा रास्ता बताने वाले तो अनेक मिल जाते हैं लेकिन उचित सलाह सच्चा मित्र ही दे सकता है।

कहते हैं लड़ाई-झगड़े और प्यार के चक्कर में यार दोस्त ही ज्यादा आग लगवाते हैं। आपने जरा भी दिमाग से काम नहीं लिया और उनकी बहकी-बहकी बातों में फिसल गए तो समझो गए इस दलदल में।

आपके फैसले का परिवार वालों पर कोई गलत असर न पड़े। इस बात का भी सम‍ुचित रूप से ध्यान रखें। एक हद से आगे बढ़ने के पहले परिजनों से विचार-विमर्श भी अवश्य करें।

इन छोटी-छोटी बातों को गंभीरता से लेने पर आप क्रम दर क्रम चलेंगे तो आपको हर क्षेत्र में उजले अवसर दिखाई देंगे और खुशियों से भरी जिंदगी भी आसान हो जाएगी।