1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. रोमांस
  4. »
  5. प्रेम गुरु
  6. प्यार की पहचान पार्टनर का व्यवहार

प्यार की पहचान पार्टनर का व्यवहार

- मानसी

डेटिंग टिप्स
ND
हैलो दोस्तो! आप हर रोज न जाने कितने लोगों को कितनी ही बातें कहते हैं। जैसा अवसर, वैसा आपका मिजाज और वैसी ही आपकी बातें। यूं तो यह स्थिति हर रिश्ते पर लागू होती है पर दोस्ती के रिश्ते का तो आधार ही संवाद है। ये रिश्ते संवाद के कारण ही बनते और आगे बढ़ते हैं। पर उन संवादों का लेखा-जोखा लेकर कोई चीर-फाड़ करे तो शायद ही उसका कोई मतलब वह निकाल पाए।


दरअसल, हर दिन ही संवादों का अपना मिजाज होता है। कभी तीखा, कभी मीठा, कभी भावनाओं से भीगा तो कभी कड़वी दवा सा कड़वा, आखिर कोई किस संवाद को सच का आधार बनाए।

ऐसा लगता है जो बातें अभी कही जा रही हैं, उससे पहले की सारी बातें बेमानी थीं और यही सिलसिला हर दिन, हर पल चलता रहता है और संवादों का नित नया सच बनता रहता है। बेशक वर्तमान की बातें सबसे बड़ा सच होती हैं पर पिछला सच उन्हें मजबूत आधार भी देता है। जिस पल आपके मनमाफिक बातें होती हैं उस पल आनंद पहुंचाने वाली सारी पुरानी बातों का एक पुल बन जाता है जिसपर चलकर आप हर मुश्किल घड़ी को पार कर लेना चाहते हैं। इसी प्रकार बुरी लगने वाली बातों से आप तमाम पुरानी दिल तोड़ने वाली बातें जोड़ लेते हैं जो आपको कंटीले तार से जकड़ लेते हैं।

कहने का अर्थ यह है कि किसी भी रिश्ते में आप जो कहते या सामने वाले का सुनते हैं, उन पर कभी भी पूरी तरह विश्वास या अमल नहीं किया जा सकता है। शायद बहुत सारे संवाद केवल समय का तकाजा होते हैं। उन्हें हूबहू पकड़ कर बैठना नादानी ही नहीं बल्कि झगड़े को न्योता देने की तैयारी हो सकती है। शायद सफल रिश्ते की यही कुंजी होती है कि किसी भी बात को दिल से न लगाया जाए। जब जो भावनाओं का आवेग आए उसे झेलते जाना और आगे बढ़ते जाना ही समझदारी है।

संवाद के किसी आशय को पकड़कर वहीं बैठ जाने पर रिश्ते उस दबाव का बोझ सहन नहीं कर पाते हैं। उस कशमकश में दरारें पड़ जाती हैं। जिन जोड़ों पर समाज या परिवार का कोई भी दबाव नहीं होता और वे अपनी मर्जी के मालिक होते हैं। वर्षों साथ-साथ गुजारने के बाद भी वे यदि कभी किसी खास मूड में या आवेग में कही बातों को लेकर बैठ जाएं और तरह-तरह से उसका विश्लेषण करने लगें तो आप यकीन मानें सालों-साल वह रिश्ता वहीं अटककर रह जाता है। यूं कहें कि वह अपनी सही दिशा व गति से भटक जाता है।

कई जोड़ों के बीच अक्सर ये प्रश्न आते हैं कि क्या उनके बीच कही गई बातों का कोई मतलब नहीं होना चाहिए या संवादों से निकले सार का कोई अस्तित्व नहीं होता। फिर किस आधार पर वफा के जज्बे को बरकरार रखा जाए। किस आधार पर माना जाए कि साथी अब वह साथी न रहा। क्या अहसास के ताने-बाने संवादों से नहीं बनते। संवादों से निकलने वाले अर्थ के वजूद से इनकार करने पर ऐसे हजारों सवाल अपना जवाब खोजते हैं।

रिश्ते के किसी मुकाम पर उलझे हुए जोड़ों को जब भी यह नसीहत दी जाती है कि कसमें-वादे बातें हैं, बातों का क्या तो आखिर कुछ तो तरीका या आधार होगा जिसके कारण कोई रिश्ते के पक्ष या विरोध में अपना मन बनाएगा। हजार बड़ी-बड़ी बातें करने के बावजूद यदि कोई व्यक्ति जरूरत पड़ने पर आपके पक्ष में खड़ा नहीं होता है तो वह आपका वैसा अपना नहीं है जैसा आपने सोच रखा है।

हर व्यक्ति की भावना का कोई गहरा केंद्र बिंदु होता है और उस वजह से वह उसकी खुशी में अपनी खुशी महसूस करता है। उसका प्रदर्शन कभी कम या ज्यादा हो सकता है यदि वह केंद्र बिंदु यदि आप नहीं हैं तो बड़े-बड़े दावे भी पानी के बुलबुले की तरह गायब हो जाएंगे। किसी प्रकार का कष्ट उठाना या त्याग करना भी गहरे प्यार को दर्शाता है। जैसे कई पुरुष अपनी पत्नी की लंबी उम्र के लिए भूखे रहते हैं। ऐसा वे प्यार में करते हैं। किसी धार्मिक या सामाजिक रीतियों के डर से नहीं। कहने का अर्थ यह कि जो आवश्यकता पड़ने पर आपके इर्द-गिर्द हो, आपकी परवाह करता हो, वही सच्चा है और अपना है वरना बातों के गुलगुले पकाने वालों की समाज में कमी नहीं होती है।

सारांश यह है कि कोई भी दो व्यक्ति किसी के अच्छे-बुरे कहने को गले से लगाने के बजाय उसके व्यवहार को रिश्ते का आधार बनाएं। अपनी कथनी को वह कितना व्यवहारिकता में उतारता है, यही आधार होना चाहिए उसका संदर्भ अच्छा हो या बुरा। प्यार को मापने का पैमाना व्यावहारिकता या अमल है न कि अच्छी-बुरी बातें।