1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. मनमोहन ने दिखाया भाजपा को आईना

मनमोहन ने दिखाया भाजपा को आईना

आतंकवाद
आतंकवाद के मुद्दे पर भाजपा का रिकॉर्ड उसके दावे से बिलकुल अलग है। भाजपा के शासनकाल में ही तीन खूँखार आतंकवादियों को रिहा कर अफगानिस्तान भेजा गया।

यह बात प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कही। कुरूक्षेत्र से 30 किलोमीटर दूर एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा हमारे प्रतिद्वंद्वियों का दावा है कि सिर्फ वे ही आतंकवाद पर निर्णायक और कड़ा रुख अपना सकते हैं, लेकिन भाजपा के रिकॉर्ड को देखने पर पूरी तरह अलग तस्वीर उभरती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में आतंकवादियों ने संसद, लाल किला, रघुनाथ मंदिर, अक्षरधाम मंदिर और जम्मू-कश्मीर विधानसभा पर हमला किया। आतंकवादी कारगिल में भी घुस गए, लेकिन तत्कालीन भाजपा सरकार को पता नहीं चला।

उन्होंने कहा यह भाजपा का रिकॉर्ड है। आप निर्णय कीजिए कि ये नेता कितने सशक्त और निर्णायक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसनीत संप्रग सरकार ने मुंबई में आतंकवादी हमलों का सामना करने के लिए साहसिक निर्णय लिए। उन्होंने कहा हम साहस और पूरी प्रतिबद्धता के साथ आतंकवाद का सामना करते रहेंगे। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें