1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. आडवाणी गुलाम, मनमोहन बंधक

आडवाणी गुलाम, मनमोहन बंधक

भाजपा कांग्रेस के बीच चल रहे हैं आरोपों के तीर

भाजपा
राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी को 'आरएसएस का गुलाम' कहे जाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी की भाजपा ने बुधवार को कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि वे संप्रग शासन में बंधक प्रधानमंत्री के मुद्दे पर पर्दा डालने के लिए ऐसा कर रही हैं।

भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह निराधार है। यह इस तथ्य पर पर्दा डालने का प्रयास है कि मनमोहनसिंह एक बंधक प्रधानमंत्री हैं।

सोनिया ने आडवाणी को मजबूत नेता के रूप में पेश किए जाने की खिल्ली उड़ाते हुए कहा था कि वे आरएसएस के गुलाम हैं और उसकी मर्जी के बिना अपने बूते कोई निर्णय नहीं कर सकते।

सोनिया ने कहा था कि ये आडवाणी हैं, जो आरएसएस के गुलाम हैं क्योंकि वे अपनी कुर्सी को बचाना चाहते हैं। यही कारण है कि वे हर रोज आरएसएस की हरेक इच्छा को पूरा करने में लगे रहते हैं।

गौरतलब है कि आडवाणी पिछले कई साल से मनमोहनसिंह पर एक कमजोर प्रधानमंत्री होने का आरोप लगाते हुए कहते आ रहे हैं कि वे सोनिया की मर्जी के बिना कोई फैसला करने में अक्षम हैं।

सोनिया ने भाजपा पर आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया और कहा कि राजग शासनकाल के दौरान आतंकवादियों को छोड़ा गया और कंधार (इंडियन एयरलाइन्स के विमान अपहरण के समय) ले जाया गया।

उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार द्वारा मुंबई आतंकवादी हमलों के दौरान कार्यकुशल और कूटनीतिक प्रयास से पाकिस्तान को इस मामले में जिम्मेदारी स्वीकार करनी पड़ी। सोनिया ने कहा कि हम भारत के खिलाफ ऐसा कोई हमला बर्दाश्त नहीं करेंगे।

विकास कार्यों के लिए आवंटित केंद्रीय कोष का समुचित उपयोग नहीं करने के लिए कर्नाटक की भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि हमने करोड़ों रुपए कर्नाटक को दिए। हम वाकई नहीं जानते कि कोष का किस प्रकार उपयोग किया गया। उन्होंने राज्य में व्यापक भ्रष्टाचार के लिए भी भाजपा को आड़े हाथों लिया और जनता से न्यायपूर्ण तरीके से अपना मताधिकार इस्तेमाल करने को कहा।

आजादी के बाद से कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सोनिया ने कहा कि चाहे यह औद्योगीकरण रहा हो या देश का आधुनिकीकरण, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, महिलाओं का पंचायती राज के जरिये सशक्तिकरण या परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर, यह कांग्रेस ही है जिसने नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि लोगों को इन सभी चीजों को ध्यान में रखना होगा और सोच-समझकर निर्णय लेना होगा।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें