1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. आडवाणी के बचाव में उतरी भाजपा

आडवाणी के बचाव में उतरी भाजपा

भाजपा
भाजपा ने कांग्रेस महासचिव राहुल गाँधी को सोमवार को सलाह दी कि राजग शासन के दौरान हुए कंधार अपहरण मामले में पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी पर दोषारोपण करने से पहले उन्हें उनकी लिखी किताब को दोबारा पढ़ लेना चाहिए।

पार्टी के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथसिंह ने यहाँ कहा कि कंधार अपहरण मामले में दोषारोपण करने से पहले राहुल को चाहिए कि वे इस बारे में आडवाणी की पुस्तक को दोबारा पढ़ें, ताकि उन्हें सही जवाब मिले। इतना ही नहीं इस संबंध में गृहमंत्री पी. चिदंबरम के बयान का भी अध्ययन करें, जिसमें उन्होंने विमान यात्रियों के बदले आतंकवादियों को छोड़े जाने को एक मुश्किल फैसला बताया है।

कंधार मामले में कांग्रेस नेतृत्व द्वारा इन दिनों आडवाणी पर अचानक किए जा रहे चहुँमुखी हमलों के बीच सिद्धार्थ ने कहा कांग्रेस नेता बेवजह आडवाणी पर हमले कर रहे हैं, जबकि इस मुद्दे का जवाब गृहमंत्री बनने के बाद चिदंबरम द्वारा दिए बयान में है। इसमें उन्होंने कहा है कि इसकी आलोचना करना बहुत आसान है, लेकिन अगर कोई उस स्थिति में होता तो निर्णय करना बहुत कठिन होता।

2000 और 1984 के दंगों में समानता नहीं : उन्होंने कहा कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में 1984 में हुए सिख विरोधी दंगे कांग्रेस द्वारा प्रायोजित थे। इसके लिए पूरी पार्टी को देश से माफी माँगना चाहिए, लेकिन 2002 में हुए गुजरात दंगों के लिए वहाँ के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके प्रशासन को दोष देना सरासर गलत है।

सिंह ने यहाँ कहा कि गुजरात के साम्प्रदायिक दंगों की निंदा होना चाहिए, लेकिन इसके लिए गुजरात सरकार को दोष देना गलत है।

सिंह ने दावा किया कि गुजरात में दंगे भड़कने के बारह घंटे के भीतर सेना बुला ली गई। गुजरात सरकार पर तोहमत लगाने से पहले कांग्रेस को गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जासवाल द्वारा संसद में दिए उस बयान को याद कर लेना चाहिए, जिसमें बताया गया है कि उन दंगों में 790 मुस्लिम और 280 हिन्दू मारे गए। 18000 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

वे मुंबई में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें कहा गया है कि गुजरात के दंगे और 1984 के सिख विरोधी देश की सेकुलर छवि पर धब्बा हैं और ऐसी घटनाएँ नहीं होना चाहिए।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें