शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Sonia Gandhi Lok Sabha Elections 2019 UPA
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 12 अप्रैल 2019 (10:59 IST)

पांच साल में ढाई करोड़ रुपए बढ़ी सोनिया गांधी की संपत्ति, राहुल गांधी को दिया है 4 लाख का कर्ज

पांच साल में ढाई करोड़ रुपए बढ़ी सोनिया गांधी की संपत्ति, राहुल गांधी को दिया है 4 लाख का कर्ज - Sonia Gandhi Lok Sabha Elections 2019 UPA
रायबरेली (उप्र)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा गुरुवार को रायबरेली सीट से नामांकन के दौरान दिए शपथ पत्र के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 11.82 करोड़ रुपए है। 2014 के आम चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति 9.28 करोड़ रुपए घोषित की थी।
 
गांधी के शपथ-पत्र के अनुसार उनके पास 4.29 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। उन्होंने अपने बेटे और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को 4 लाख रुपए का कर्ज दे रखा है। सोनिया गांधी के पास 60 हजार रुपए नकद और बैंक में 16.5 लाख रुपए जमा हैं।
 
2014 के हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 9.28 करोड़ रुपए की घोषित की थी। इसमें 1267.3 ग्राम सोना, 88 किलोग्राम चांदी तथा बैंक में जमा 66 लाख रुपए समेत कुल 2.81 करोड. रुपए की चल संपत्ति शामिल थी। सोनिया गांधी के खिलाफ एक आपराधिक मामला चल रहा है जो भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने दाखिल किया है। 
 
हर राजनेता को लेनी चाहिए सोनिया गांधी से सीख : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को अपनी परम्परागत सीट उत्तरप्रदेश की रायबरेली से पांचवी बार नामांकन किया। इस मौके पर उनके बेटे एवं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा प्रियंका भी मौजूद थीं।
 
नामांकन के बाद प्रियंका ने ट्वीट किया कि रायबरेली की जनता के प्रति मेरी मां की श्रद्धा से हर प्रत्याशी, हर राजनेता को सीखना चाहिए। राजनीति का मक़सद जनसेवा और समर्पण है। जिसे भी यह मौका मिलता है उसे जनता का शुक्रगुजार होना चाहिए।
 
प्रियंका ने इस ट्वीट के साथ एक फोटो भी शेयर किया है जिसमें उनकी मां सोनिया गांधी अपना नामांकन-पत्र जिलाधिकारी को सौंपती हुई दिख रही हैं।
 
कांग्रेस के गढ़ के तौर पर विख्यात रायबरेली में गांधी ने एक उपचुनाव समेत पिछले चार लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। इस सीट पर पांचवें चरण में होने वाले मतदान की तारीख 6 मई नियत की गई है। इस चुनाव में गांधी का मुकाबला कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दिनेश प्रताप सिंह से है।