मंगलवार, 8 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Digvijay Singh can contest election from Indore
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019 (09:32 IST)

लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं दिग्विजयसिंह, इंदौर से लड़ाने की मांग लेकिन राहुल गांधी तय करेंगे

Digvijay Singh
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस को 15 साल बाद एक बार फिर सत्ता का स्वाद चखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिग्विजय सिंह खुद भी लोकसभा चुनाव के मैदान में मुकाबला करते नजर आएंगे। वो किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, यह फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।

मध्यप्रदेश के राजगढ़ दौरे पर आए दिग्विजय सिंह ने इस आशय के संकेत दिए। 16 साल से चुनाव नहीं लड़ रहे दिग्विजय ने कहा कि मैं तो राज्यसभा का मेंबर हो चुका हूं, लेकिन जहां से पार्टी कहेगी, वहीं से चुनाव लड़ूंगा।

उल्लेखनीय है कि राजगढ़ सीट से फिलहाल भाजपा नेता रोडमल नागर सांसद हैं और यहां कांग्रेस की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों का दावा है कि यदि इस सीट से दिग्विजय सिंह चुनाव मैदान में उतरते हैं तो यह सीट कांग्रेस के खाते में दर्ज हो जाएगी।

हालांकि सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह को इंदौर से चुनाव लड़ाना चाहते हैं। पिछले दिनों इंदौर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की थी कि दिग्विजय सिंह को इंदौर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया जाए। इस सीट पर वरिष्‍ठ भाजपा नेता और लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन का कब्जा है। हालांकि कुछ भाजपा नेताओं ने साफ बयानी कर दी है कि यदि इस बार भी ताई को टिकट दिया तो वो भाजपा के लिए प्रचार नहीं करेंगे।