मंगलवार, 22 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. व्यंग्य
  4. चीनियों की चीनी कम-कूटनीति

चीनियों की चीनी कम-कूटनीति

व्यंग्य रचना

अरुण कुमार जैन
कहते हैं जितनी अक्ल बादाम खाने से नहीं आती, उससे ज्यादा धोखा खाने से आती है। हमने अपने सगे-संबंधियों से ज्यादा अपने पड़ोसियों का भरोसा किया है और पड़ोसियों ने भरोसे की भैंस को पानी में डुबोने में कोई कसर बाकी नहीं रख अपना पड़ोसी धर्म निभा दिया है। चाहे वह चीन हो या पाकिस्तान- हम हर बार धोखा खाते हैं। अब हमारी आदत-सी पड़ गई है।

FILE


अब साल-दो साल में उनसे धोखा न खाएं तो हम कूटनीति-विदेश नीति की उपलब्धि क्या गिना पाएंगे? कुछ उपलब्धि पाने के लिए समस्याएं तो चाहिए ना! रोज-रोज सीमा की या सीमापार की खबरें न हों तो मीडिया क्या छापेगा? सीमा पर झड़पें न हों तो सैन्य-दस्तों और युद्ध के साजो-सामान को जंग लग जाएगी। जंग न लगे इसीलिए जंग लड़ना जरूरी है।

जंग न लड़ना हो तो जंग का अभ्यास शांतिकाल में भी करते रहना चाहिए। यह आदिकाल से चाणक्य की नीति रही है। छुट-पुट झड़पों और सीमा पर झड़पों से अभ्यास होता रहता है। अभ्यास से हमारी शिथिलता का ह्रास और समझ-बूझ का विकास होता रहता है।

तब भी हमारा समझ-बूझ से रिश्ता कम है। गरीब देश है। बादाम खाने-खर्चे का बोझ सहन नहीं कर सकते। जो पैसा देश का है वह नित्य प्रति के घोटालों में खर्च हो जाता है। नेताओं की फौज और उसके मेवों की मौज का मर्ज हमारे देश पर कर्ज बढ़ाता है, तो हमारा फर्ज बनता है कि हम बादाम खाकर अक्ल बढ़ाने से ज्यादा अक्ल पाने के लिए धोखा खाएं।

बार-बार धोखा खाएं। अड़ोसी-पड़ोसी सबसे धोखा खाएं। चीन, पाकिस्तान ही क्यों, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल सभी से धोखे पर धोखा खाएं, आखिर अक्ल कभी तो आएगी। बुराई भी क्या है- कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है। वस्तु-विनिमय का सिद्धांत यहां भी लागू होता है। इस हाथ ले- उस हाथ दे।


इधर धोखा खा-खाकर हमारा भाग्य भी इतना मजबूत हो गया है कि उस पर कोई असर नहीं होता। वह न तो सौभाग्य में बदलता है और न ही दुर्भाग्य में तब्दील होता है। हमें मालूम है कि हम विश्व की महाशक्ति बनने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। हमारी सैन्य क्षमता विस्तार पा चुकी है। हम विश्व मंच पर गुट-निरपेक्ष आंदोलन के नेता हैं। हम विश्व के परमाणु संपन्न ‍चुनिंदा देशों के क्लब के सदस्य हैं। विश्व की महाशक्तियों से हमारे बेहतर ताल्लुकात हैं।

FILE


हम संयुक्त राष्ट्र महासभा की स्थायी समि‍ति के सदस्य के साथ वीटो पावर देश बनना चाहते हैं। हमारे सैन्य बल सीमाओं पर मजबूती से तैनात हैं। मगर यह हमारा पड़ोसी धर्म है कि कभी एक पड़ोसी देश का सेनाध्यक्ष हमारी सीमाओं में चुपचाप चोर की तरह बेखौफ 10-20 किमी अंदर तक घूमकर चला जाता है, तो कभी दूसरा पड़ोसी 10-12 किलोमीटर अंदर आकर पिकनिक मनाने टेंट लगाकर 35-40 सिपाहियों के सैन्य बल के साथ डट जाता है।

हम अपनी ही सीमा में इस घुसपैठ को सीमा रेखा की गलतफहमी करार देते हैं। फ्लैग दिखाकर लौट आते हैं। फ्लैग मीटिंग में हमारा पड़ोसी कोई सकारात्मक पहल नहीं करता। हम बार-बार समझाने का प्रयत्न कर रहे हैं। हमारे विदेश मंत्री पड़ोसी देश के राष्ट्रपति को भारत यात्रा का निमंत्रण देने के बहाने बातचीत करने जा रहे हैं। समझाने या समझौता करने जा रहे हैं। तब तक 35-40 सिपाही हमारी धरती पर खाना खाकर पाखाना करते फिरेंगे, नाड़ा कसते रहेंगे। हमारे देश और संस्कृति का सूत्र वाक्य है- 'चरैवेति-चरै‍वे‍ति'।

हमारी पीढ़ी इसका यही अर्थ समझती है कि 'चरते रहो, चरते रहो'। सारा देश चरागाह है। 'चरते रहो, चरते रहो'; नेताओं चरो, अभिनेताओं चरो, नायकों चरो, खलनायकों चरो। जब तुम सबके पेट भर जाएं (जो कभी नहीं भरने वाले) तो आस-पड़ोस को निमंत्रित करो- चरने के लिए, हाथ जोड़कर पलक पावड़े बिछाते रहो, आमंत्रण दो 'पधारो म्हारे देश रे'। 'अतिथि देवो भव:' की हमारी उदात्त परंपरा है।


हम इन अयाचित अतिथियों का अनादर कर अपना सांस्कृतिक वैभव कैसे कम कर पाएंगे। आखिर हमारी संस्कृति महान ऐसे ही थोड़ी कहलाती है। सगा-संबंधी काम आए उससे पहले पड़ोसी आता है। क्या हम रूस, अमेरिका, ब्रिटेन को आधी रात को तकलीफ देंगे? इन महा‍शक्तियों को कौन जगाए और वे कितने सगे हैं आपको, हमको, सबको पता है। इनको जब सामान बेचना होगा तो हम सगे हैं।

FILE


इनकी अर्थव्यवस्‍था को टेका लगाना पड़ जाए तो हम अपनी अनर्थव्यवस्था को इन्हें सौंपकर और अनर्थ करवा लेंगे। जब यूरोपीय देशों से ठगाकर भी हम मुस्कुराते रहते हैं तो पड़ोसी के धोखा देने से हमारी चार इंची मुस्कान कहां तीन इंची रह जाने वाली है?

हम नतमस्तक हैं, हमारे कर्णधारों के प्रति नतमस्तक हैं। खतरा आसन्न है, स्पष्ट दस्तक है, पर हम नतमस्तक हैं। हमारी शांतिप्रियता की इससे बढ़कर मिसाल क्या हो सकती है। आप हमें लूटकर ले जाइए, हमारे पास तब भी 'क्षमा' की शक्ति है। 'क्षमा ‍वीरस्य भूषणम्'। हम वीर हैं, हमारे पास क्षमा का आभूषण है।

हम दयालु हैं, राष्ट्रपिता के आदर्श हमारे पास हैं। कोई एक तमाचा मारे तो दूसरा गाल आगे कर दो। यही हमारी नीति है, कूटनीत‍ि है; उम्मीद है, कभी चल जाए और हमारे पड़ोसी धोखा देने से बाज आएं। बहरहाल, हम बौनों के आगे और बौने हो गए हैं, साष्टांग दंडवत् हैं। यही हमारी रीति-नीति है, सफल हो गए तो विशेष विदेश-नीति कम कूटनीति है।

अनीति से नीति भली
कूटनीति से कटवाओ नीति
रीत‍ि-नीति देश में चले नहीं
बन जाए विदेश नीति।

समाप्त