1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. switzerland land and inner wear

स्विट्जरलैंड में जमीन में क्यों गाड़े जा रहे हैं दो हजार अंडरवियर

switzerland land
मिट्टी की गुणवत्ता जांचने के लिए वैज्ञानिक तरह तरह के प्रयोग करते हैं। कभी मिट्टी को प्रयोगशाला में जांचा जाता है तो कभी खेत में। अब स्विट्जरलैंड में एक प्रयोग के तहत 2000 अंडरवियर मिट्टी में गाड़े जा रहे हैं।
 
स्विट्जरलैंड में खेत और बाग मालिक मिट्टी की गुणवत्ता के अध्ययन के लिए 2000 सफेद अंडरवियर गाड़ रहे हैं। देश की अनुसंधान संस्थान एग्रोस्कोप स्वैच्छिक अध्ययन में शामिल लोगों को दो जोड़े सफेद अंडरवियर मिट्टी में दफनाने के लिए भेज रही है। बाद में इन अंडरवियरों की जांच की जाएगी, यह देखने के लिए कि छोटे जीवों द्वारा कपड़ा कितना नष्ट हुआ।
 
इस प्रोजेक्ट के प्रमुख मार्सेल फॉन डेय हेइडन कहते हैं, "यह मिट्टी की गुणवत्ता का एक संकेतक है।" इकोलॉजिस्ट हेइडन बताते हैं कि इस तरह का प्रयोग कनाडा में किया जा चुका है, लेकिन इस स्तर पर नहीं हुआ। यह पहले से ही मालूम है कि टी बैग्स को दफनाकर मिट्टी के स्वास्थ्य का पता लगाया जा सकता है।
 
एग्रोस्कोप के इस प्रयोग में शामिल होने वाले किसान और बाग मालिक टी बैग्स को मिट्टी में गाड़ेंगे ताकि उनकी तुलना की जा सके। अंडरवियर वाले प्रयोग की विश्वसनीयता का परीक्षण करने के लिए वे बाद में मिट्टी के सैंपल भी अपने साथ ले जा सकेंगे।
 
प्रयोग के तहत पहली बार एक अंडरवियर को मिट्टी से निकाला जाएगा और उसकी तस्वीर निकाली जाएगी। इसके एक महीने बाद दूसरा अंडरवियर निकाला जाएगा। अंडरवियर को घास के मैदान, खेत और पेड़-पौधों के नीचे गाड़ा जाएगा। मिट्टी से अंडरवियर को निकालने के बाद उसके प्राकृतिक रेशों के मिट्टी में मिलने का विश्लेषण डिजिटल तौर पर होगा, अंडरवियर में ज्यादा छेद होंगे तो इसका मतलब हुआ मिट्टी स्वस्थ है।
 
इस प्रयोग से जुड़े एक सदस्य कहते हैं कि दुनिया भर में जमीन की स्थिति खराब है और लगातार और खराब होती जा रही है। जानकारों का कहना है जमीन की उर्वरा शक्ति कम हो रही है क्योंकि किसानों को जमीन से सावधानी से पेश आने के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है।
लेखक के बारे में
DW
डॉयचे वेले (Deutsche Welle), जिसे आमतौर पर DW के नाम से जाना जाता है, जर्मनी का अंतरराष्ट्रीय प्रसारक है। यह जर्मनी की संघीय सरकार के वित्तपोषण से स्वतंत्र रूप से काम करता है और हिन्दी सहित 32 भाषाओं में निष्पक्ष समाचार, विश्लेषण और मीडिया विकास का कार्य करता है। वेबदुनिया.... और पढ़ें
अगला लेख
काशी में कब और कैसे बनी ज्ञानवापी मस्जिद?