dharma sangrah
Sat, 14 Nov 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Yuvraj Singh, Sandeep Patil, Indian cricket

युवराज भारतीय क्रिकेट को ईश्वर का उपहार : संदीप पाटिल

Yuvraj Singh
दुबई। राष्ट्रीय चयन समिति के पूर्व प्रमुख संदीप पाटिल ने कहा कि युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट को ईश्वर का उपहार हैं लेकिन 2019 विश्व कप में उनका खेलना फॉर्म और फिटनेस पर निर्भर करता है।
 
श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के लिए बाहर किए जाने के बाद युवराज को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले 3 वनडे मैचों के लिए भी भारतीय टीम में जगह नहीं मिली। पाटिल ने हालांकि उनकी वापसी की उम्मीद जताई।
 
विश्व कप के मद्देनजर युवराज के भविष्य के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि यह फिटनेस और फॉर्म पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि मैं अब चयनकर्ता नहीं हूं। 2 साल लंबा समय होता है और हर खिलाड़ी पर काफी कार्यभार है। 36 बरस के युवराज ने आखिरी वनडे जून में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। वे 300 वनडे खेलने वाले भारत के 5वें खिलाड़ी बन गए, जब इस साल चैम्पियंस ट्राफी सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उतरे थे।
 
पाटिल ने कहा कि युवराज ईश्वर के उपहार की तरह था। मैं उसका जबर्दस्त प्रशंसक था और हमेशा रहूंगा लेकिन उसे रन बनाने होंगे और अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने कई रिकॉर्ड बनाए और पाटिल ने उन्हें खास खिलाड़ी बताया।
 
पाटिल ने कहा कि भारतीय टीम से जुड़े पेशेवर इसके बारे में बताएंगे। युवराज और धोनी के भविष्य के बारे में मेरा कुछ कहना सही नहीं होगा लेकिन ये खास क्रिकेटर हैं और काश! मेरे पास इनकी प्रतिभा का 5 प्रतिशत भी होता। 2012 से 2016 तक चयन समिति के अध्यक्ष रहे पाटिल ने वह दौर देखा है, जब सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के संन्यास के बाद भारतीय क्रिकेट बदलाव से गुजर रहा था। (भाषा)
ये भी पढ़ें
चोटिल अक्षर पटेल की जगह लेंगे रवींद्र जडेजा