1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Wasim Akram happy with Bumrah yorkers

बुमराह की गेंदबाजी देख खुश हुए वसीम अकरम, कह दी यह बड़ी बात

Wasim Akram
नई दिल्ली। बाएं हाथ के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में शुमार वसीम अकरम ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा क्रिकेटरों में उनका यार्कर सबसे सटीक है। ऑस्ट्रेलिया में भारत टीम ने पहली बार टेस्ट श्रृंखला में जीत दर्ज की जिसमें बुमराह ने अहम भूमिका निभाई थी। 
 
अकरम अपने समय में सटीक यार्कर फेंकने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल रहे क्रिकेटरों में जसप्रीत बुमराह का यार्कर सबसे सटीक और सर्वश्रेष्ठ है। स्विंग के सुल्तान के नाम से पहचाने जाने वाले अकरम ने कहा कि बुमराह वनडे वर्ल्ड कप के दौरान अंतिम ओवरों अंतर पैदा करेंगे।
 
अकरम ने कहा, 'बुमराह का गेंदबाजी एक्शन शानदार है। दूसरे तेज गेंदबाजों से बिल्कुल अलग एक्शन होने के बाद भी वह गेंद को स्विंग करते हैं और पिच पर टप्पा खाने के बाद उनकी गेंद काफी तेजी से निकलती है।'
 
यूएई में होने वाले आगामी 10पीएल टेनिस बॉल टूर्नामेंट के ब्रांड दूत के तौर पर यहां पहुंचे अकरम ने कहा, 'जो चीज बुमराह को खास बनाती है, वह है नियमित यार्कर फेंकने की उनकी काबिलियत। यार्कर का इस्तेमाल सिर्फ एकदिवसीय में नहीं होता, टेस्ट में भी होता है। मैंने और वकार (युनूस) ने अपने समय में टेस्ट में इसका काफी इस्तेमाल किया।'
 
अकरम ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला जीतना बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं इस बात को नहीं मानूंगा की ऑस्ट्रेलिया की टीम कमजोर थी। विराट (कोहली) और उनके खिलाड़ियों से उनका श्रेय वापस मत लिजिए। उन्होंने प्रदर्शन में जो निरंतरता दिखायी है वह काबिलेतारीफ है। (भाषा) 
अगला लेख
विरोध के बावजूद वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड पायबस के समर्थन में