बुधवार, 16 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virendra Sehwag, VVS Laxman, Birthday
Written By
Last Modified: बुधवार, 1 नवंबर 2017 (20:48 IST)

वीरेंद्र सहवाग ने वीवीएस लक्ष्मण को कहा, चिट्टियां कलाइयां...

Virendra Sehwag
नई दिल्ली। 'वेरी वेरी स्पेशल' बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण आज 43 वर्ष के हो गए और पूर्व खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर तथा वीरेंद्र सहवाग ने अपने विशेष अंदाज में उन्हें बधाई देकर लक्ष्मण के जन्मदिन को और खास बना दिया।
        
सोशल मीडिया पर लक्ष्मण को पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों ने उनके जन्मदिन के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं। एक नवंबर 1974 को हैदराबाद में जन्मे लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में एक हैं। 
         
उनके जन्मदिन पर पूर्व महान खिलाड़ी सचिन ने सोशल साइट पर लक्ष्मण के ड्रेसिंग रूम का राज खोलते हुए कहा, जन्मदिन मुबारक लक्ष, क्या मैं तुम्हारे ड्रेसिंग रूम के राज खोल दूं। उन्होंने कहा, लक्ष्मण बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले नहाते थे और सेब खाते थे। ऊप्स।
         
वहीं सोशल मीडिया पर अपने अजीबोगरीब संदेशों से सभी को हंसाने वाले सहवाग ने फिर से अपने अंदाज़ में लक्ष्मण को बधाई दी और लिखा, कलाई के जादूगर और भारतश्री लक्ष्मण को जन्मदिन की बधाई। वे अपनी फ्लिक से किसी भी स्थिति को शांत कर सकते थे। चिट्टियां कलाइयां।
         
भारतीय खिलाड़ियों में शिखर धवन, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, आरपी सिंह ने भी लक्ष्मण को उनके जन्मदिन के लिए बधाई दी। लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की तीन सदस्‍यीय क्रिकेट सलाहकार समिति के भी सदस्य हैं। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
भारत-न्यूजीलैंड टी20 मैच के हाईलाइट्‍स