1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. भारत के खिलाफ सफलता के लिए कोहली के बल्ले को शांत रखना अहम होगा : कमिंस

भारत के खिलाफ सफलता के लिए कोहली के बल्ले को शांत रखना अहम होगा : कमिंस

Virat Kohli
सिडनी। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस भारत के खिलाफ आगामी श्रृंखला में विराट कोहली के विकेट चटकाने पर ध्यान लगाएंगे और उनका कहना है कि दौरा करने वाली टीम के कप्तान के बल्ले को शांत रखना मेजबानों के लिए अहम होगा। भारतीय क्रिकेट टीम पूर्ण श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया में है जिसमें 3 वनडे, 3 टी-20 और 4 टेस्ट मैच शामिल हैं। दौरा 27 नवंबर से वनडे श्रृंखला के साथ शुरू होगा।
कमिंस ने 'फॉक्स क्रिकेट' से कहा कि मुझे लगता है कि प्रत्येक टीम में 1 या 2 बल्लेबाज होते हैं जिनका विकेट काफी अहमियत रखता है। ज्यादातर टीमों के कप्तान ये अहम विकेट हैं, जैसे इंग्लैंड के लिए जो रूट, न्यूजीलैंड के लिए केन विलियम्सन। आप महसूस करते हो कि अगर आप इनका विकेट हासिल कर लो तो मैच जीतने के लिए यह काफी महत्वपूर्ण रहेगा। उनका (कोहली) विकेट हमेशा अहम होता है। कमेंटेटर उनके बारे में लगातार बोलते रहते हैं इसलिए उम्मीद करते हैं कि हम उनके बल्ले को शांत रखेंगे।
 
कमिंस को सफेद और लाल गेंद की दोनों टीमों का उपकप्तान बनाया गया है। वे उन 11 खिलाड़ियों में से एक हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात में इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के बाद लौटे हैं और इस समय क्वारंटाइन में हैं। इनका क्वारंटाइन भारत के खिलाफ सिडनी क्रिकेट मैदान में होने वाले शुरुआती वनडे की पूर्व संध्या पर समाप्त होगा। (भाषा)
अगला लेख
Covid-19 महामारी के ब्रेक ने नाथन लियोन में जगाया 500 टेस्ट विकेट लेने का जोश