• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virat Kohli Rohit Sharma New Record
Written By
Last Updated :कोलंबो , गुरुवार, 31 अगस्त 2017 (18:48 IST)

विराट-रोहित के शतक, भारत ने बनाया श्रीलंका की जमीं पर नया रिकॉर्ड

विराट-रोहित के शतक, भारत ने बनाया श्रीलंका की जमीं पर नया रिकॉर्ड - Virat Kohli Rohit Sharma New Record
कोलंबो। कप्तान विराट कोहली (131) और ओपनर रोहित शर्मा (104) के आतिशी शतकों से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ चौथे वनडे में गुरुवार को पांच विकेट पर 375 रन बनाकर श्रीलंकाई जमीन पर अपने सर्वाधिक वनडे स्कोर का रिकॉर्ड भी बना दिया।
        
विराट और रोहित ने दूसरे विकेट के लिए 219 रन की बड़ी साझेदारी कर भारत के इस रिकॉर्ड  स्कोर  का आधार तैयार कर दिया। विराट ने अपने चिर परिचित अंदाज़ में खेलते हुए मात्र 96 गेंदों पर 131 रन में  17 चौके और दो छक्के उड़ाए। विराट का यह 29वां शतक है और इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज  बल्लेबाज़ सनत जयसूर्या (28 शतक) को पीछे छोड़ दिया और सर्वाधिक वनडे शतक बनाने वालों में तीसरे नंबर  पर पहुंच गए।
       
उपकप्तान रोहित ने भी अपनी जबरदस्त फार्म बरकरार रखते हुए 88 गेंदों में 104 रन में 11 चौके और तीन छक्के उड़ाए। रोहित का सीरीज़ में यह लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने पिछले मैच में नाबाद 124 रन की पारी खेली थी। रोहित का वनडे में ओवरऑल यह 13वां शतक है।  
        
विराट और रोहित के इस धूम धड़ाके से भारत ने 375 रन का स्कोर बना दिया जो श्रीलंका की धरती  पर उसका सबसे बड़ा वनडे स्कोर है। इससे पहले भारत ने फरवरी 2009 में कोलंबो में 363 रन बनाए थे।  भारत का अपने वनडे इतिहास में यह 11वां सबसे बड़ा स्कोर है। 
         
अपना 300वां वनडे खेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज़ महेंद्र सिंह धोनी ने 42 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 49 रन बनाए जबकि मनीष पांडे ने 42 गेंदों में चार चौकों के सहारे नाबाद 50 रन बनाए। शिखर धवन चार, हार्दिक पांड्या 19 और लोकेश राहुल सात रन बनाकर आउट हुए।

शिखर का विकेट दूसरे ओवर में मात्र छह रन के स्कोर पर गिर जाने के बाद तीसरे नंबर पर मैदान पर उतरे  कप्तान विराट ने आतिशी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। उन्होंने अपने 50 रन मात्र 38 गेंदों में पूरे कर लिए, जिसमें  नौ चौके शामिल थे। रोहित ने अपने 50 रन 45 गेंदों में पूरे किए जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे।  दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी में विराट का योगदान 62 और रोहित का 35 रन था।
         
विराट ने अपने 100 रन 76 गेंदों में पूरे किए। उन्होंने अगले 50 रन के लिए भी 38 गेंदे भी खेलीं। भारत ने अपने 200 रन 25.5 ओवर में पूरे किए। दोनों के बीच 200 रन की साझेदारी 154 गेंदों में पूरी हुई, जिसमें विराट का योगदान 117 और रोहित का 80 रन था।
        
विराट को श्रीलंका के कार्यवाहक कप्तान लसित मलिंगा ने आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हार्दिक  पांड्या को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया लेकिन वह 19 रन में एक चौका और एक छक्का लगाने के बाद  आउट हुए। पांड्या का विकेट एंजेलो मैथ्यूज ने लिया। लोकेश राहुल को अकीला धनंजय ने आउट किया। 
         
लेकिन अकीला इस मैच में महंगे साबित हुए और 10 ओवर में 68 रन पर एक विकेट ही ले पाए। रोहित चौथे विकेट के रूप में 262 के स्कोर पर और राहुल पांचवें विकेट के रूप में 274 के स्कोर पर आउट हुए। रोहित को मैथ्यूज ने निपटाया, लेकिन तब तक उन्होंने अपना लगातार दूसरा शतक पूरा कर लिया। 
        
मनीष पांडे और धोनी ने छठे विकेट के लिए 12.2 ओवर में 101 रन की अविजित साझेदारी कर भारत को 375 तक पहुंचा दिया। धोनी मात्र एक रन से अपने 300वें वनडे में अर्धशतक बनाने से चूक गए लेकिन उन्होंने सीरीज में लगातार तीसरी शानदार पारी खेली। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत 400 के पार भी जाएगा। लेकिन श्रीलंका की किस्मत अच्छी रही कि भारत 375 तक ही जा पाया।
ये भी पढ़ें
हरमनप्रीत कौर को तोहफे में मिली 'डैटसन रेडी-गो'