शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Sourav Ganguly, BCCI, Mahendra Singh Dhoni
Written By वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Last Updated : गुरुवार, 17 अक्टूबर 2019 (19:49 IST)

BCCI में गांगुली की एंट्री के बाद कैसा होगा धोनी का भविष्य?

BCCI में गांगुली की एंट्री के बाद कैसा होगा धोनी का भविष्य? - Sourav Ganguly, BCCI, Mahendra Singh Dhoni
भारतीय क्रिकेट इस समय जिन ऊंचाईयों को स्पर्श कर रहा है, वैसा दौर पहले कभी नहीं देखा गया। विराट के वीर लगातार सफलताओं से अपनी झोली भर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट से वो दिन लद गए, जब स्थापित खिलाड़ी को कुछ मैचों में खराब फॉर्म के बाद टीम से निकालने की जोड़तोड़ शुरू हो जाया करती थी। जुलाई में विश्व कप के बाद से धोनी ने कोई मैच नहीं खेला है, जिस पर बीसीसीआई के तयशुदा अध्यक्ष सौरव गांगुली की भी निगाहें हैं।
 
पिछले कुछ महीनों से माही के मैदान पर न उतरने को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म रहा कि वे संन्यास लेने जा रहे हैं जबकि धोनी उन शौक को पूरा कर रहे हैं, जिन्हें क्रिकेट की व्यस्तताओं ने पूरा नहीं होने दिया। कभी वे जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना के साथ ट्रेनिंग करते हैं तो कभी विज्ञापन फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हो जाते हैं।
 
धोनी को लेकर चयनकर्ता पसोपेश में : धोनी का लगातार आराम फरमाना उनके प्रशंसकों के जेहन में कई सवाल खड़े करता है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू क्रिकेट सीरीज से पहले भारत के वेस्टइंडीज टूर में भी धोनी ने आराम किया। नवम्बर में बांग्लादेश और दिसम्बर में वेस्टइंडीज की टीम भारत के दौरे पर आने वाली है। बांग्लादेश के खिलाफ धोनी मैदान में नजर नहीं आएंगे। राष्ट्रीय चयनकर्ता धोनी को लेकर कोई एक राय नहीं बना पा रहे हैं।
धोनी से खुद बात करेंगे गांगुली : सौरव गांगुली के आधिकारिक रूप से बीसीसीआई के अध्यक्ष बनने पर 23 अक्टूबर को मुहर लग जाएगी और वे 24 अक्टूबर को राष्ट्रीय चयनकर्ताओं से महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर बात करने जा रहे हैं। पहले वे चयकताओं की दलील सुनेंगे और फिर अपनी राय जाहिर करेंगे। गांगुली साफ कर चुके हैं कि इससे पहले वे खुद धोनी से बात करेंगे और उनके मन में क्या चल रहा है, यह जानेंगे।
 
संबंध बहुत अच्छे नहीं तो खराब भी नहीं रहे : सभी जानते हैं कि गांगुली और धोनी के बीच आपसी संबंध बहुत अच्छे नहीं रहे तो खराब भी  कभी नहीं हुए। हो सकता है कि धोनी को लेकर सौरव गांगुली कोई नया फार्मूला बनाए। दोनों ही टीम इंडिया के कप्तान रहे हैं और टीम को  ऊंचाईयों पर ले जाने वाले मील का पत्थर बने हैं। 
 
चयनकताओं की नजरें टी20 विश्व कप पर : दूसरी तरफ चयनकर्ता की निगाहें बांग्लादेश और वेस्टइंडीज से कहीं ज्यादा अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने 18 अक्टूबर से शुरु होने वाले टी20 विश्व कप के टीम संयोजन पर लगी हैं, जिसके लिए वे युवा खिलाड़ियों को आजमा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या धोनी टी20 विश्व कप से पहले ही संन्यास लेने का ऐलान कर देंगे? 
 
ऋषभ पंत में धोनी जैसी बात नहीं : धोनी से विकेटकीपिंग की विरासत लेने वाले ऋषभ पंत को अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है, खासकर बल्लेबाजी में। पंत लगातार खराब शॉट के चयन को लेकर आलोचना का शिकार होते आए हैं। यहां तक कि उन्हें विराट के गुस्से का भी सामना करना पड़ा है। पंत ने ऐसा कोई करिश्माई प्रदर्शन नहीं किया है, जिसके कारण आप उन पर भरोसा कर सके।
 
तीन एंगल पर काम करते हैं धोनी : धोनी जब भी मैदान पर होते थे तो 'तीन एंगल' पर काम करते हैं। शानदार विकेटकीपिंग के बाद बल्लेजाजी में अपने जौहर दिखलाते और साथ ही साथ विराट को भी सलाह देते। मैदान पर कप्तान तो विराट होते लेकिन क्षेत्ररक्षण की जमावट धोनी ही करते नजर आते थे। यही नहीं गेंदबाज को भी किस जगह गेंद डालनी है, ये नसीहतें भी धोनी ही देते थे।
 
क्या गांगुली नया रास्ता खोजेंगे : बहरहाल, सौरव गांगुली के दिमाग में इस वक्त धोनी को लेकर क्या कुछ चल रहा है, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है लेकिन वे कोई ना कोई रास्ता जरूर खोजेंगे, जिससे धोनी एक बार फिर से मैदान पर नजर आएं? आने वाले दिनों में धोनी के क्रिकेट भविष्य को लेकर जितने भी सवाल उठ रहे हैं, शायद उनका जवाब मिल जाए...
ये भी पढ़ें
भारत दौरे ने द. अफ्रीकी बल्लेबाज एल्गर को काफी कुछ सिखाया