1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Shastri shocked by India decision to leave Bumrah out

दुनिया का बेस्ट पेसर बाहर! शास्त्री भड़के अंग्रेजों के खिलाफ भारत के फैसले पर

IND vs ENG 2nd test
भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पूरी तरह से फिट जसप्रीत बुमराह को आराम देने के भारत के फैसले पर हैरानी जताई और कहा कि इस तेज गेंदबाज को एक महत्वपूर्ण मैच से बाहर बैठने का विकल्प नहीं दिया जाना चाहिए था। पिछले साल अक्टूबर से टेस्ट क्रिकेट में खराब दौर से गुजर रहा भारत अपने पिछले नौ मैच में से सिर्फ एक जीत हासिल कर पाया है जो एक दशक से भी अधिक समय में उसका सबसे खराब प्रदर्शन है। शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती टेस्ट में पांच विकेट से हार गई थी।
 
शास्त्री ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘अगर आप भारत के प्रदर्शन को देखें तो यह बहुत ही महत्वपूर्ण टेस्ट मैच है। आपने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच गंवाए, आपने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी तीन मैच गंवाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप यहां पहला टेस्ट मैच हार गए और आप जीत की राह पर वापस लौटना चाहते हैं। आपके पास दुनिया का सबसे अच्छा तेज गेंदबाज है और आप उसे सात दिन के ब्रेक के बाद बाहर बैठाते हैं, इस पर यकीन करना बहुत मुश्किल है।’’

Jasprit Bumrah

 
बुमराह ने लीड्स में पहले टेस्ट की पहली पारी में 14वीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किए थे।
 
बुधवार को टॉस के बाद गिल ने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज माइकल आथर्टन से कहा कि बुमराह के गेंदबाजी को बोझ का प्रबंधन करने के लिए उन्हें आराम दिया गया है।
 
गिल ने कहा, ‘‘सिर्फ उनकी गेंदबाजी के बोझ के प्रबंधन के लिए। हमें अच्छा ब्रेक मिला और यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मैच है। लेकिन तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में होने के कारण हमें लगता है कि वहां पिच से अधिक मदद मिलेगी इसलिए हम उन्हें वहां इस्तेमाल करेंगे।’’
 
हालांकि शास्त्री इस फैसले से पूरी तरह असहमत दिखे।
 
क्रिकेटर से कमेंटेटर बने शास्त्री ने कहा, ‘‘यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण मैच है, उन्हें एक हफ्ते का ब्रेक मिला। मैं थोड़ा हैरान हूं कि कि बुमराह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘इसे खिलाड़ी के हाथ से निकाल देना चाहिए। कप्तान और मुख्य कोच को यह तय करना चाहिए कि एकादश में से किसे खेलना चाहिए। यह श्रृंखला के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण मैच है। उन्हें इस मैच में खेलना चाहिए था। लॉर्ड्स बाद में आ सकता है। यह महत्वपूर्ण मैच है जहां आपको तुरंत ही पलटवार करना होगा।’’
 
भारतीय टीम प्रबंधन ने श्रृंखला से पहले यह स्पष्ट कर दिया था कि गेंदबाजी के बोझ के कारण बुमराह अधिकतम तीन टेस्ट मैच में खेलेंगे। (भाषा)
 
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
मोहम्मद शमी को हाईकोर्ट का झटका, हसीन जहां और बेटी को देने होंगे हर महीने लाखों रुपए