1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Ricky ponting surprised with australias surrender in brisbane

पहले टीम इंडिया को कम आंका, अब हार पर हैरान हैं रिकी पोंटिंग

रिकी पोंटिंग
मेलबर्न:ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारत के खिलाफ मिली हार के बाद कहा है कि टीम की ऐसी हार हैरान करने वाली है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के पास टीम में सभी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद थे और वह सीरीज में पूरे दम के साथ उतरी थी जबकि टीम इंडिया को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था।
 
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराया और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखा। टीम इंडिया इस सीरीज में अपने नियमित कप्तान विराट कोहली के बिना खेली थी जो पहले टेस्ट के बाद अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौट गए थे।
 
टीम इंडिया 20 सदस्यों के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गयी थी लेकिन एक के बाद एक उसके कई खिलाड़ी चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए थे। इसके अलावा तीसरे और चौथे टेस्ट में मोहम्मद सिराज पर नस्लीय टिप्पणी की गयी लेकिन भारतीय टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से कंगारु टीम को हर मोर्च पर जवाब दिया।
 
पोंटिंग ने कहा, “मैं काफी हैरान हूं कि ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी। भारतीय टीम पिछले पांच-छह सप्ताह में कई चुनौतियों से गुजरी है। उनके नियमित कप्तान विराट पहले टेस्ट के बाद स्वदेश लौट गए। इसके बाद टीम के कई खिलाड़ी चोटिल हो गए। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पास सभी बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद थे और बाद में डेविड वार्नर भी टीम से जुड़ गए, इसलिए इस हार को पचा पाना मुश्किल है।”
 
उन्होंने कहा, “भारत ने काफी अच्छा खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मेहनत की और हर दिन मैच में पकड़ बनायी तथा सीरीज के सभी बड़े क्षण को जीता। दोनों टीमों के बीच यह अंतर है। भारत ने टेस्ट मैच के सभी बड़े पलों को जीता लेकिन ऑस्ट्रेलिया ऐसा करने में नाकाम रही।”

गौरतलब है कि पहले टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा था ऐसा लगता है कि अब तो सूपड़ा साफ होने वाला है। विराट कोहली भी इस बल्लेबाजी क्रम में नहीं है। ऐसे में कौन इस दुख की घड़ी में जोश भर देने वाला प्रदर्शन करेगा। (वार्ता) 
अगला लेख
दुश्मनी भुला कर पाक फैंस ने बांधे टीम इंडिया के लिए तारीफ के पुल