Hanuman Chalisa
Fri, 30 Oct 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. MS Dhoni, 300 ODIs, India-Sri Lanka ODIs

एमएस धोनी '300 क्लब' में शामिल, सचिन बोले 'विशेष उपलब्धि'

MS Dhoni
कोलंबो। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज 300 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले छठे भारतीय और दुनिया के 20वें क्रिकेटर बन गए, जिसे सर्वाधिक वनडे खेलने का रिकॉर्ड बनाने वाले सचिन तेंदुलकर ने 'विशेष उपलब्धि' करार दिया।
 
धोनी ने आज यहां श्रीलंका के खिलाफ चौथे एकदिवसीय मैच में उतरने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया। भारत की तरफ से हालांकि उनका यह 297वां मैच है। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने तीन मैच एशिया एकादश की तरफ से विश्व एकादश के खिलाफ खेले हैं।
धोनी के इस मुकाम पर पहुंचने के बाद उन्हें सबसे पहले बधाई देने वालों में तेंदुलकर शामिल थे, जिन्होंने सर्वाधिक 463 एकदिवसीय मैच खेले हैं। धोनी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 अर्धशतक पूरा करने के लिए एक अर्धशतक की जरूरत थी, लेकिन वे केवल 1 रन से यह कारनामा करने से चूक गए। आज धोनी 49 रन पर नाबाद रहे।
 
यही नहीं, एमएस धोनी को एक दिवसीय मैचों में 100 बल्लेबाजों को स्टंप आउट करने वाले पहले विकेटकीपर बनने के लिए एक स्टंप की जरूरत है तथा तेंदुलकर ने उम्मीद जताई कि यह मैच रांची के इस क्रिकेटर के लिए खास होगा।
 
तेंदुलकर ने ट्वीट किया, ‘300वीं बार वनडे कैप पहनना वास्तव में विशेष उपलब्धि है। उम्मीद है कि आज के  मैच में आप खास प्रदर्शन करोगे। @एमएसधोनी।’ 
 
धोनी के साथी और मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी उन्हें बधाई दी। रैना ने ट्वीट किया, ‘दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज @एमएसधोनी 300वां वनडे मैच खेलने के लिए तैयार हैं। जिस व्यक्ति ने हमेशा मुझे प्रेरित किया उसे शुभकामनाएं।’ 
 
तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने ट्वीट करके धोनी को शुभकामना दी। उन्होंने लिखा, ‘माही भाई आप जैसा कोई नहीं। शुभकामना।’ 
 
भारत की तरफ से धोनी से पहले तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ (344), मोहम्मद अजहरुद्दीन (334), सौरव गांगुली (311) और युवराज सिंह (304) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। अजहरुद्दीन दुनिया के पहले क्रिकेटर थे, जो इस मुकाम पर पहुंचे थे।