मिताली की निगाह सुपर सिक्स में जगह बनाने पर
Publish Date: Thu, 9 Feb 2017 (20:32 IST)
Updated Date: Thu, 9 Feb 2017 (20:35 IST)
कोलंबो। भारतीय कप्तान मिताली राज आयरलैंड के खिलाफ होने वाले मैच को हल्के से नहीं ले रही है क्योंकि उसमें जीत से टीम की आईसीसी महिला विश्व कप क्वालीफायर 2017 के सुपर सिक्स में जगह पक्की हो जाएगी। मिताली की निगाह केवल जीत दर्ज करने पर है लेकिन वे टीम की युवा खिलाड़ियों को भी अनुभव दिलाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि हम इस प्रारूप में लंबे समय से आयरलैंड से नहीं खेले हैं। हम उन्हें हल्के से नहीं ले सकते क्योंकि हमने दोनों ग्रुप में देखा है कि टीमें 200 रन के स्कोर के करीब पहुंच रही है इसलिए हमें इससे अधिक रन बनाने होंगे।
मिताली ने कहा कि मैं निश्चित तौर पर चाहती हूं कि हमारी बल्लेबाज वैसा ही प्रदर्शन करें जैसा उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ किया था। हमारे गेंदबाजों को अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी क्योंकि यहां के विकेट बल्लेबाजी के लिए अनुकूल हैं और हो सकता है कि इनसे स्पिनरों को मदद नहीं मिले।
भारत ने ग्रुप ए के अपने पहले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 259 रन बनाये और 114 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद उसने थाईलैंड को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। दक्षिण अफ्रीका ग्रुप बी में शीर्ष पर है, लेकिन उसे कल मैच नहीं खेलना है।
ग्रुप ए में श्रीलंका और आयरलैंड तथा ग्रुप बी में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने एक एक जीत हासिल की है। दस देशों के इस टूर्नामेंट में शीर्ष पर रहने वाली चार टीमें आईसीसी महिला विश्व कप 2017 और आईसीसी महिला चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई करेंगी। इसके अलावा सुपर सिक्स में जगह बनाने वाली टीम का अगले चार साल के लिए एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय दर्जा सुरक्षित हो जाएगा।