1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Irfan Pathan LPL Cricket League

LPL के लिए विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में इरफान का नाम शामिल

Irfan Pathan
कोलंबो। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का नाम लंका प्रीमियर लीग (LPL) के लिए तैयार की गई 70 विदेशी खिलाड़ियों के ड्राफ्ट में शामिल है। आईपीएल की तर्ज पर श्रीलंका अपने देश में एलपीएल शुरु करने जा रहा है। इस लीग का आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में होना प्रस्तावित है। 
 
इस लीग में कुल 23 मैच होने हैं। इस टी-20 टूर्नामेंट में 5 फ्रेंचाइजी खेलेंगी जिनमें कोलंबो, कैंडी, गाले, दांबुला और जाफन शहरों के नाम की टीमें होंगी। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इरफान को एलपीएल में खेलने की इजाजत दे सकता है। 
 
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई किसी भी सक्रिय भारतीय खिलाड़ी को विदेशी लीग में खेलने की इजाजत नहीं देती है लेकिन इस साल जनवरी में इरफान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी इसलिए उन्हें अन्य लीग में खेलने की इजाजत मिल सकती है। 
 
ड्राफ्ट की जानकारी और फ्रेंचाइजी की सूची हालांकि अभी फाइनल नहीं हुई है। कोरोनावायरस के कारण क्रिकेट गतिविधियां ठप्प है ऐसे में श्रीलंका क्रिकेट सरकार की मंजूरी का भी इंतजार कर रही है। (वार्ता)
अगला लेख
मंकीगेट के बाद वापस आते तो लोगों की नजर में गलत साबित होते : कुंबले