• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Ind vs SL, third ODI | Gill, Kohli hit centuries as India score 390/5
Written By
Last Modified: रविवार, 15 जनवरी 2023 (18:23 IST)

Ind vs SL 3rd ODI Score : कोहली की विराट पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 391 रन का लक्ष्य रखा

Ind vs SL 3rd ODI  Score : कोहली की विराट पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 391 रन का लक्ष्य रखा - Ind vs SL, third ODI | Gill, Kohli hit centuries as India score 390/5
तिरुवनंतपुरम। भारत ने रन मशीन विराट कोहली (166 नाबाद) और प्रतिभाशाली बल्लेबाज शुभमन गिल (116) के शानदार शतकों की बदौलत तीसरे एकदिवसीय मैच में रविवार को श्रीलंका के सामने 391 रन का विशाल लक्ष्य रखा। कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में 46वीं बार 100 रन का आंकड़ा पार करते हुए सिर्फ 110 गेंदों पर 13 चौकों और 8 छक्कों के साथ 166 रन बनाए जबकि अपना दूसरा शतक बनाने वाले गिल ने 97 गेंदों पर 14 चौकों और दो छक्कों के साथ 116 रन की पारी खेली।
 
भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और संयम के साथ शुरुआत करते हुए 3 ओवरों में सिर्फ 9 रन जोड़े। गिल ने चौथे ओवर में दो चौके लगाकर हाथ खोले, जबकि अगले ओवर में उन्होंने कवर क्षेत्र में लगातार चार चौके जड़े। 
 
रोहित ने भी 10वें ओवर में पारी की रफ्तार बदलते हुए कसुन रजिता को 2 छक्के और एक चौका लगाया जबकि भारत ने पहले पावरप्ले में 75 रन जोड़े।
 
श्रीलंकाई स्पिनरों ने पहला पावरप्ले समाप्त होने के बाद रनगति पर कुछ हद तक लगाम कसी। रोहित ने 16वें ओवर में तेज गेंदबाजी के लौटते ही प्रहार करना चाहा मगर पहली गेंद को चौके के लिए भेजने के बाद वह दूसरी गेंद पर कैचआउट हो गए। रोहित ने 49 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के लगाकर 42 रन बनाते हुए गिल के साथ 95 रन की साझेदारी की।
 
गिल ने इसके बाद भी पारी की लय नहीं रुकने दी जबकि कोहली ने आते ही तीन चौके जड़कर उनका साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मध्य ओवरों में स्पिनरों का सामना करते हुए 131 रन की शतकीय साझेदारी की। 
 
गिल ने 52 गेंदों पर अर्द्धशतक पूरा करने के बाद पारी की रफ्तार बदली और सिर्फ 89 गेंदों पर सैकड़ा जमाया। अपना दूसरा शतक पूरा करने के बाद गिल ने 4 गेंदों पर 3 चौके लगाए। हालांकि वे 116 रन पर आउट होकर पैवेलियन लौट गए।
 
कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़ते हुए अपना 46वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। यह पिछले चार एकदिवसीय मैचों में कोहली का तीसरा शतक है और अब वे खेल के इस प्रारूप में सर्वाधिक शतक जड़ने वाले सचिन तेंडुलकर (49) से सिर्फ 3 शतक पीछे हैं। कोहली (12754) ने शतक पूरा करने के साथ-साथ एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में महेला जयवर्धने (12650) को पीछे छोड़ दिया।
 
पारी के 42वें ओवर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना पेश आई जब जेफरी वांडरसे और आशेन बंडारा के बीच टक्कर हुई और दोनों को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा।
 
दूसरी ओर अय्यर 32 गेंदों पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गए जबकि केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव भी बड़ा योगदान नहीं दे सके। कोहली ने हालांकि रन विस्फोट जारी रखा। उन्होंने 85 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने के बाद अगली 25 गेंदों पर 66 रन बनाये, जिसकी बदौलत भारत ने आखिरी पांच ओवरों में 58 रन जोड़ते हुए 50 ओवर में 390/5 का स्कोर खड़ा किया।
 
श्रीलंका के लिए रजिता और कुमारा ने दो-दो विकेट लिए। हालांकि दोनों ने अपने 10 ओवरों में क्रमशः 81 और 87 रन लुटाए। वानिंदू हसरंगा 10 ओवर में 54 रन देकर श्रीलंका के सबसे किफायती गेंदबाज रहे, हालांकि उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ।
 
 
 
ये भी पढ़ें
Ind vs SL 3rd ODI : वन डे इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका को 317 रनों से हराया