1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Former England captain Nasir Hussain praised David Malan

डेविड मालन कर रहे हैं T20 में शानदार प्रदर्शन, पूर्व कप्तान हुसैन ने की तारीफ

Nasir Hussain
साउथम्पटन। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने टी-20 क्रिकेट में अविश्वसनीय रूप से शानदार लय बनाए रखने वाले शीर्ष क्रम के बल्लेबाज डेविड मालन की तारीफ करते हुए कहा कि बाएं हाथ ये बल्लेबाज हर बार शानदार खेल दिखा रहे हैं। इंग्लैंड के लिए 2017 में पदार्पण करने वाले मालन इस खेल के सबसे छोटे प्रारूप के 14 मैचों में एक शतक और सात अर्धशतक लगा चुके हैं।

वे टी-20 क्रिकेट में शानदार लय में चल रहे हैं। पिछले सप्ताह पाकिस्तान के खिलाफ 54 रन की नाबाद पारी खेलने वाले इस बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार को पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 43 गेंद में 66 रन बनाए। इंग्लैंड ने इस मैच को दो रन से अपने नाम किया।

हुसैन ने कहा, वे टी-20 क्रिकेट में हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते हैं। टी-20 ऐसा प्रारूप है जहां प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना आसान नहीं है क्योंकि आपको तुरंत बड़ा शॉट खेलना होता है। वे अविश्वसनीय रूप से निरंतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, उनमें यह अच्छी बात है कि वे जरूरत से ज्यादा जोर से शॉट नहीं मारते हैं। आप कभी भी डेविड मालन को अंधाधुंध शॉट खेलते हुए नहीं देखेंगे। उनका शॉट पर अच्छा नियंत्रण है।(भाषा)
अगला लेख
इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 2 रन से हराया, श्रृंखला में 1-0 की बढ़त