WTC Cycle 2025-27 की शुरुआत हुई ड्रॉ से, बांग्लादेशी कप्तान ने श्रीलंका की करी किरकिरी
BANvsSL श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच वर्षा बाधित पहला टेस्ट मैच शनिवार को हार जीत के फैसले के बिना खत्म हो गया।बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 495 रन बनाये थे जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 485 रन पर सिमट गयी थी। दूसरी पारी में बांग्लादेश ने छह विकेट पर 285 रन बनाये और पारी समाप्ति की घोषणा की। जवाब में मैच खत्म होने तक श्रीलंका ने चार विकेट पर 72 रन बना लिये थे।
ड्रा मैच में बांग्लादेश के नजमुल हुसैन शांतो ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, वे अपने देश के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक जड़े। बांग्लादेश ने अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 177 रन से आगे खेलना शुरू किया और शांतो के नाबाद 125 रन की बदौलत छह विकेट पर 285 रन बनाकर पारी घोषित करने से पहले अपनी बढ़त 296 रन तक पहुंचा दी। मुशफिकुर रहीम (49) के साथ उनकी साझेदारी की बदौलत मेहमान टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई।
रहीम अर्धशतक से कुछ ही पहले रन आउट हो गए,वहीं थारिंडू रत्नायके की घातक गेंदबाजी ने बांग्लादेश की लय को कुछ हद तक कमजोर कर दिया। लंच से पहले बारिश ने खेल को बाधित कर दिया। खेल दोबारा शुरू होने पर शान्तो ने छक्कों की झड़ी लगाकर अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा किया।
श्रीलंका के सामने 37 ओवर की चुनौती थी और उसने आक्रामक तरीके से लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया, लेकिन उनकी पारी जल्द ही लड़खड़ा गई। लाहिरू उदारा और पथुम निसांका को स्पिनरों ताइजुल इस्लाम और नईम हसन ने जल्दी-जल्दी आउट कर दिया। अपना अंतिम टेस्ट खेल रहे अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज दिनेश चांदीमल के साथ कुछ देर तक मजबूती से टिके रहे मगर उन दोनो के आउट होने के बाद श्रीलंका का स्कोर 48 रन पर 4 विकेट हो गया।
संक्षिप्त स्कोर:
बांग्लादेश 495 (मुश्फिकुर रहीम 163, नजमुल हुसैन शान्तो 148 असिथा फर्नांडो 4/86) और 285/6 पारी घोषित (नजमुल हुसैन शान्तो 125 नाबाद, शादमान इस्लाम 76; थारिन्दु रत्नायके 3/102)
श्रीलंका 485 (पथुम निसांका 187, कामिंदु मेंडिस 87; नईम हसन 5/121) और 72/4 (ताइजुल इस्लाम 3/23)