1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार

गैटनर पर भी पड़ी मंदी की मार

खरीदार नहीं मिलने पर ‍किराए पर दिया घर

अमेरिका ट्रेजरी सचिव
अमेरिका के ट्रेजरी सचिव तिमोदी गैटनर को मंदी का असर झेलना पड़ रहा है। गैटनर ने कई माह तक लाखों डॉलर मूल्य के अपने मकान के लिए खरीदार की तलाश की जो पूरी नहीं हो पाई। अब गैटनर ने अपने मकान को किराए पर उठा दिया है।

गैटनर का यह मकान न्यूयॉर्क शहर में संभ्रांतों के इलाके में है। पिछले तीन माह से वे इस घर के लिए खरीदार की तलाश कर रहे थे।

सीएनएनमनी.कॉम पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार जब गैटनर को मकान के लिए तीन माह तक खरीदार नहीं मिला तो उन्होंने इसका दाम घटाकर 15.75 लाख डॉलर कर दिया लेकिन इसके बावजूद उनकी खरीदार की तलाश पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद अब गैटनर ने यह मकान 7500 डॉलर प्रतिमाह के किराए पर चढ़ा दिया है।

वेबसाइट पर कहा गया है कि गैटनर और उनकी पत्नी कैरोल ने फरवरी में अपने पाँच बेडरूम वाले मकान को 16.35 लाख डॉलर में बेचने की पेशकश की। इससे कुछ दिन पहले ही ओबामा प्रशासन ने उन्हें देश को आर्थिक संकट से बाहर निकालने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी।

हाल के महीनों में वित्तीय संकट की वजह से अमेरिका में मकानों की कीमतों में भारी गिरावट आई और लोगों को अपनी संपत्ति को बेचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें