Daily Horoscope
Wed, 21 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold Silver Delhi bullion market

सोना 35 रुपए, चांदी 25 रुपए मजबूत

Gold
नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में ग्राहकी में हल्की बढ़ोतरी से सोना 35 रुपए चमककर 29,225 रुपए प्रति दस ग्राम पर और चांदी 25 रुपए की तेजी के साथ 39,075 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। दोनों कीमती धातुओं का यह करीब डेढ़ सप्ताह का उच्चतम स्तर है।
 
वैश्विक स्तर पर सप्ताहांत पर रही तेजी और राजनीतिक तथा आर्थिक कारकों को देखते हुए आगामी सप्ताह के लिए सोने का परिदृश्य सकारात्मक है। लंदन तथा न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस सोना हाजिर 4.85 डॉलर की तेजी में 1,256.7 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 8.4 डॉलर की छलांग लगाकर कारोबार की समाप्ति पर 1,257.8 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
 
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर में पिछले कुछ दिन से जारी गिरावट से पीली धातु मजबूत हुई है। डॉलर के कमजोर पड़ने से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात सस्ता हो जाता है। इससे मांग बढ़ती है जिससे कीमतों में तेजी आती है। इसके अलावा वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य भी पीली धातु को मदद दे रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन के राजनीतिक हालात और उत्तर कोरिया को लेकर मौजूदा तनाव से सोना चमका है। उनका यह भी कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली बैठक में ब्याज दरों में वृद्धि की उम्मीद घटने का फायदा भी इसे मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्ताहांत पर चांदी 0.10 डॉलर की तेजी के साथ 16.67 डॉलर प्रति औंस पर रही। (वार्ता)