biodatamaker
Mon, 12 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold rates in Delhi

सोना सस्ता हुआ, चांदी में भी 200 रुपए की गिरावट

Gold
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर सप्ताहांत पर पीली धातु के फिसलने से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 50 रुपए टूटकर 30,850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 200 रुपए की गिरावट के साथ 41,400 रुपए प्रति किलोग्राम रही।
 
स्थानीय बाजार में त्योहारी मांग बनी रहने के बावजूद वैश्विक दबाव में लगातार दूसरे दिन सोना कमजोर हुआ है। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को सोना हाजिर 1.90 डॉलर की गिरावट के साथ 1,320.05 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा हालांकि 1.80 डॉलर मजबूत होता हुआ 1,331.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
 
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि यूरोपीय और अमेरिकी केंद्रीय बैंकों के प्रोत्साहन कार्यक्रमों में कटौती के संकेतों से पीली धातु की चमक फीकी पड़ी है। अमेरिका से कमजोर आर्थिक आंकड़े आने से इसकी गिरावट कुछ कम रही। अमेरिका में जनवरी के बाद पहली बार अगस्त में औद्योगिक उत्पादन घटा है। साथ ही खुदरा बिक्री में उम्मीद से अधिक गिरावट आने से भी फेडरल रिजर्व की अगले सप्ताह होने वाली बैठक में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद कुछ कम हुई है।
 
फेड की ओपन मार्केट कमेटी की बैठक 19 और 20 सितंबर को होनी है। सप्ताहांत पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.23 डॉलर टूटकर 17.57 डॉलर प्रति औंस रह गई। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
आतंकियों के शवों का अपमान, सैनिकों पर होगी कार्रवाई