• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. सोना 216 रुपए टूटा, चांदी 200 रुपए मजबूत
Written By
Last Modified: बुधवार, 16 मार्च 2022 (21:18 IST)

सोना 216 रुपए टूटा, चांदी 200 रुपए मजबूत

Delhi bullion market | सोना 216 रुपए टूटा, चांदी 200 रुपए मजबूत
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में कमजोरी और रुपए के मूल्य में सुधार के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 216 रुपए की गिरावट के साथ 51,279 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।

इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 51,495 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस रुख के उलट चांदी की कीमत 200 रुपए की तेजी के साथ 67,827 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो पिछले कारोबारी सत्र में 67,627 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,914 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 24.80 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट और रुपए के मूल्य में सुधार होने के साथ दिल्ली में 24 कैरेट सोने के हाजिर भाव में 216 रुपए की गिरावट आई।

ब्याज दर के बारे में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले घरेलू शेयर बाजार और एशियाई मुद्राओं की तेजी को देखते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 41 पैसे की तेजी के साथ करीब दो सप्ताह के उच्च स्तर 76.21 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

उन्होंने कहा, मुद्रास्फीति के 40 साल के उच्चतम स्तर पर होने के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में वृद्धि की संभावना से सोने की कीमतों में गिरावट आई।(भाषा) 
ये भी पढ़ें
मोबाइल चार्जिंग के दौरान हादसा, करंट लगने से युवक की मौत