1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. जम्मू-कश्मीर न्यूज़
  4. Land subsidence in Ramvan, Jammu and Kashmir

जम्मू कश्मीर के रामवन में जमीन धंसी, 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त

Ground subsidence in Ramvan
Land subsidence in Ramvan : जम्मू-कश्मीर के रामवन (Ramwan) जिले में जमीन के धंसने (land subsidenc) से 50 से अधिक घर, 4 बिजली टॉवर, 1 रिसीविंग स्टेशन और एक मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रामवन (Ramwan) के उपायुक्त बसीर-उल-हक चौधरी ने शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर पेरनोट गांव का दौरा किया और प्रभावित परिवारों को सहायता एवं बिजली सहित आवश्यक सेवाओं की बहाली का आश्वासन दिया।

गुरुवार शाम घरों में दरारें आने लगीं : पेरनोट गांव में अचानक जमीन धंसने के बाद गुरुवार शाम घरों में दरारें आने लगीं और गूल तथा रामवन के बीच सड़क संपर्क टूट गया जिससे कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। चौधरी ने घटनास्थल पर कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा है और जिले का प्रमुख होने के नाते मैं प्रभावित परिवारों को भोजन और आश्रय प्रदान करने की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं।
 
भूविज्ञान विशेषज्ञों को बुलाया : उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने जमीन के धंसने का कारण जानने के लिए भूविज्ञान विशेषज्ञों को बुलाया है जबकि प्रभावित आबादी के पुनर्वास और आवश्यक सेवाओं की बहाली की निगरानी के लिए अधिकारियों की एक टीम को तैनात किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि जमीन अभी भी धंस रही है और बिजली जैसी आवश्यक सेवाओं को बहाल करना हमारी पहली प्राथमिकता है। हम पीड़ितों के लिए तंबू और अन्य सामान उपलब्ध कराएंगे तथा चिकित्सा शिविर भी लगाएंगे।

 
उन्होंने लोगों से कहा कि वे घबराएं नहीं और अपने जीवन की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाएं। स्थानीय स्वयंसेवक राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त घरों से सामान निकालने में प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं।(भाषा)(फ़ाइल चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Uttarakhand: जंगल में आग लगने की 31 नई घटनाएं, 33.34 हैक्टेयर जंगली क्षेत्र जला