1. समाचार
  2. आईटी
  3. आईटी खबर
  4. If you create a video on the TikTok app then be careful

अगर आपको भी है TikTok पर वीडियो बनाने का शौक, तो हो जाएं सावधान, पढ़ें यह खबर

Mobile video
अगर आप भी TikTok पर वीडियो बनाने का शौक रखते हैं और इसके लिए तरह-तरह के करतब करते हैं तो यह खबर आपके लिए है। दिल्ली में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 साल के एक युवक ने उसके दोस्त की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना उस समय घटी जब वे मोबाइल ऐप TikTok के लिए वीडियो बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक रविवार रात सलमान अपने दोस्तों सोहेल और आमिर के साथ कार से इंडिया गेट गया हुआ था। लौटते समय कार चला रहे सलमान के बगल में बैठे सोहेल ने एक देसी पिस्तौल निकाली और उन्होंने वीडियो बनाने की कोशिश के दौरान सलमान पर निशाना साधा लेकिन पिस्तौल से निकली गोली उसके बाएं गाल पर लगी।

पुलिस ने बताया कि आमिर क्रेटा कार की पीछे वाली सीट पर बैठा था। यह घटना मध्य दिल्ली के बाराखंभा रोड से लगे रणजीत सिंह फ्लाईओवर के नजदीक हुई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों दोस्त घबरा गए और दरियागंज में सोहेल के रिश्तेदार के घर गए और खून से सने कपड़े बदले।

फिर रिश्तेदार के साथ वे सलमान को पास के एलएनजेपी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाराखंभा रोड पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आमिर, सोहेल और एक अन्य व्यक्ति शरीफ को गिरफ्तार किया है।
अगला लेख
रामपुर में हो रहा है द्रौपदी का चीरहरण, भीष्म की तरह रहने की गलती न करें मुलायम