1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2019
  3. समाचार
  4. IPL 2019, MS Dhoni, CSK, Rohit Sharma, Mumbai Indians

आईपीएल 2019 के 12वें संस्करण में सीएसके का विजय रथ रोकने उतरेंगे मुंबई के शेर

IPL 2019
मुंबई। आईपीएल-12 में विजय रथ पर सवार महेंद्र सिंह धोनी के चेन्नई सुपर किंग्स को रोकने के लिए मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को बुधवार को होने वाले मुकाबले में अपना सब कुछ झोंकना होगा।

गत चैंपियन चेन्नई ने अब तक अपने सभी तीनों मुकाबले जीत लिए हैं और वह छह अंकों के साथ लीग की अंक तालिका में चोटी पर है। दूसरी तरफ मुंबई ने अब तक तीन मैचों में एक जीता है और वह मात्र दो अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर है।

धोनी की टीम अपने खिताब बचाओ अभियान में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है और इस बात का प्रमाण उसने उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मात्र 70 रन पर ढेर कर दिया था। चेन्नई ने इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से और राजस्थान रॉयल्स को आठ रन से हराया। 
 
राजस्थान के खिलाफ धोनी ने नाबाद 75 रन की जबरदस्त पारी खेली जिसमें आखिरी ओवर में लगाए गए तीन छक्के शामिल थे। धोनी ने इसके बाद अपने गेंदबाजों का बखूबी इस्तेमाल करते हुए राजस्थान को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया। रोहित को यदि चेन्नई का विजय रथ रोकना है तो उन्हें धोनी की कप्तानी चालों का डटकर जवाब देना होगा। 
 
मुंबई को अपने पहले मैच में अपने घर में 37 रन से हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई ने फिर नजदीकी मुकाबले में बेंगलुरु को छह रन से हराया लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों उसे आठ विकेट से हार झेलनी पड़ गई। 
 
मुंबई के लिए वैसे मशहूर है कि वह टूर्नामेंट में धीमी शरुआत करती है लेकिन लय पकड़ने पर सीधे प्लेऑफ में जाकर ही दम लेती है। मुंबई ने पिछले छह वर्षों में तीन बार खिताब जीता है और खिताब जीतने के मामले में वह चेन्नई की बराबरी करती है। चेन्नई भी तीन बार की विजेता है। 
 
यह मुकाबला आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों के कप्तानों का मुकाबला होगा और जो टीम अंत तक खुद पर नियंत्रण रख पाएगी वही मैच जीतेगी। दोनों टीमों के पास अच्छे मैच विजेता खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं लेकिन बहुत कुछ धोनी और रोहित पर निर्भर करेगा।
अगला लेख
आईपीएल 2019 में केकेआर के रॉबिन क्यों बने रॉबी?