सहवाग पर टिकी होंगी दिल्ली की उम्मीदें
WD
कप्तान वीरेंद्र सहवाग की 47 गेंद में 80 रन की आक्रामक पारी से दिल्ली ने कोच्चि टस्कर्स केरल को पिछले मैच में उसके घरेलू मैदान पर 38 रन से परास्त किया। जिससे वह निचले पायदान से छलांग लगाकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई। मेजबान टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग में प्लेआफ की उम्मीद कायम रखी हैं।
फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में दर्शकों की उम्मीदें अपने स्टार खिलाड़ी सहवाग से ऐसे ही विस्फोटक प्रदर्शन पर लगी होंगी। कोच्चि के खिलाफ सहवाग ने टीम को ऐसे समय पर संभाला था तब उसने 37 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
अंक तालिका में दिल्ली अब आठ मैचों में छह अंक से सातवें नंबर पर है जबकि कोच्चि की टीम लगातार तीन मैचों में हार से इतने ही मैचों में छह अंक से नौंवे स्थान पर है।
दिल्ली की तेज गेंदबाजी में मोर्ने मोर्कल, अजित अगरकर और इरफान पठान ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था जबकि स्पिनर रोल्फ वान डर मर्व ने भी तीन विकेट चटकाकर अपनी महत्ता साबित की थी।
कोच्चि टस्कर्स केरल केलिए बल्लेबाजी चिंता का विषय बन गयी है । दिल्ली के खिलाफ पूरी टीम 119 रन पर सिमट गयी थी जबकि डेक्कन चार्जर्स के हाथों भी उसके बल्लेबाज 74 रन ही बना सके। इस करारी शिकस्त से पहले कोच्चि की टीम ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी घुटने टेक दिए थे और टीम ने केवल 109 रन बनाए थे।
दिल्ली की टीम कोच्चि की तरह एक इकाई के रूप में असफल रही है जिसमें बल्लेबाजी उनका कमजोर पहलू है क्योंकि डेविड वार्नर जैसा आक्रामक खिलाड़ी भी अभी तक अपनी लोकप्रियता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाया है, लेकिन पिछले मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।
सहवाग की टीम हालांकि कोच्चि टस्कर्स को हल्के में नहीं ले सकती जिसके गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और मजबूत टीमों जैसे चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच जीतने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि यह भी देखना होगा कि कल कोटला की पिच कैसा बर्ताव करती है क्योंकि पिछले मैचों में सहवाग पिच से संतुष्ट नहीं दिखे थे।
अगर सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम उसी तरह की पारी खेलते हैं जैसी उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने कप्तान महेला जयवर्धने के साथ मिलकर पारी खेली थी तो कोच्चि की टीम किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकती है। कोच्चि की टीम युवा खिलाड़ी जैसे रविंदर जडेजा और पार्थिव पटेल के अच्छे प्रदर्शन पर निर्भर होगी। (भाषा)

