1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

सचिन-रायुडू के कमाल से मुंबई फिर टॉप पर

आईपीएल 4
कप्तान सचिन तेंडुलकर (51) और अंबाटी रायुडू (51) के शानदार अर्द्धशतकीय कमाल और इसके बाद गेंदबाजों के धमाल से मुंबई इंडियंस ने आईपीएल चार मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को 23 रन से हराकर टूर्नामेंट की अंक तालिका में एक बार फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

सचिन ने 45 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। रायुडू ने अपने कप्तान का बखूबी साथ दिया और उन्होंने 37 गेंदों पर 51 रन की अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने पंजाब को जीत के लिए 160 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया।

जवाब में पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन ही बना सकी। पंजाब की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज शॉन मार्श (61) ने अकेले संघर्ष किया लेकिन उनकी यह पारी पंजाब की हार टाल नहीं सकी।

मुंबई की ओर से लसित मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी का सिलसिला जारी रखते हुए चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए जबकि इतने ही ओवर में 18 रन देने वाले मुनाफ पटेल और 25 रन देने वाले हरभजन सिंह को भी दो-दो विकेट मिले।

मुंबई के टूर्नामेंट में अब आठ मैचों से 12 अंक हो गए हैं और वह एक बार फिर से राजस्थान रॉयल्स को पछाड़कर अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई है जबकि पंजाब के सात मैचों में इस चौथी हार के साथ छह अंक रह गए है और वह तालिका में नीचे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

सचिन अपनी शानदार पारी के साथ ही टूर्नामेंट में 300 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर के लिए 'ओरेंज कैप' एक बार फिर हासिल कर ली।

रायुडू 15वें ओवर में आउट हुए जबकि सचिन 17वें ओवर में आउट हुए।खतरनाक ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने सिर्फ 11 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रन ठोक डाले जबकि रोहित शर्मा ने 11 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 18 रन बनाए।

किग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। विपुल शर्मा ने ओपनर डेवी जेकब्स (10) को बोल्ड को पंजाब को जल्द सफलता दिला दी, लेकिन इसके बाद सचिन और रायुडू ने मजबूत साझेदारी की। दोनों बल्लेबाज अपने अर्द्धशतक पूरे क रने के बाद आउट हुए।

पीयूष चावला ने रायुडू को और रेयान हैरिस ने सचिन को आउट किया। चावला ने पोलार्ड को और हैरिस ने रोहित को आउट का मैच में दो-दो विकेट पूरे किए। हैरिस को 33 रन पर दो विकेट और चावला पर 37 रन पर दो विकेट मिले।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को जल्दी ही पहला झटका कप्तान गिलक्रिस्ट (0) के रूप में पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। हरभजन ने उन्हें पगबाधा कर पैवेलियन लौटा दिया।

इसके बाद मार्श और ओपनर पाल वल्थाटी (33) ने दूसरे विकेट के लिए 10 ओवर में शानदार 72 रन जोडकर पंजाब की उम्मीदें जगाई लेकिन 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर साइमंडस ने जब वल्थाटी को पोलार्ड के हाथों कैच कराया तो वहीं से पंजाब फिर मुकाबले से बाहर हो गया। वल्थाटी ने 38 गेंदों की अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए।

मात्र 47 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेलने वाले मार्श ने एक छोर से कमाल संभाले रखी लेकिन दूसरी तरफ लगातार विकेटों के पतन ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। मार्श के सामने डेविड हसी (1) दिनेश कार्तिक (1) अभिषेक नायर (14) और विपुल शर्मा (1) एक-एक कर आउट हो गए।

विकेटों की इस पतझड ने मार्श का भी ध्यान भंग किया और आठ ओवर तक यह सिलसिला झेलने के बाद वह 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर तूफानी गेंदबाज लसित मलिंगा की गेंद मुंबई के कप्तान सचिन के हाथों में खेल बैठे। अपनी आतिशी पारी में उन्होंने आठ चौके जड़े।

हालांकि मार्श के आउट होने तक पंजाब की हार लगभग पक्की हो चुकी थी और अंतिम ओवर में उसे 28 रन की जरूरत थी। इस लक्ष्य को पाने में पीयूष चावला (नाबाद 10), रेयान हैरिस (2) और प्रवीण कुमार (नाबाद 2) नाकाम रहे। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता