1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. आईपीएल 2011

श्रीलंका अपने फैसले पर अडिग

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड
श्रीलंका सरकार और क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल में खेल रहे देश के खिलाड़ियों को पाँच मई तक वापस बुलाने के अपने निर्णय पर अडिग रहने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि इस कदम से बीसीसीआई और श्रीलंकाई बोर्ड के रिश्तों में खटास आ सकती है।

सरकार और बोर्ड ने इस महीने की शुरुआत में अपने खिलाड़ियों को आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए तैयारियों में जुटने के लिए देश वापस लौटने का आदेश दिया था।

बीसीसीआई और श्रीलंकाई बोर्ड के बीच कोई बैठक आयोजित नहीं हुई, लेकिन भारतीय अधिकारियों ने अपने श्रीलंकाई समकक्षों से इस मामले पर बात की और उनसे अपने खिलाड़ियों को कम से कम 15 मई तक आईपीएल में खेलने देने का अनुरोध किया।

लेकिन खेल मंत्री महिंदानदा अलुथगमागे और क्रिकेट बोर्ड ने भारत के अनुरोध को नहीं मानने का फैसला किया। श्रीलंकाई क्रिकेट सूत्र ने आज यहाँ कहा कि अलुथगमागे, श्रीलंका क्रिकेट और राष्ट्रीय चयन समिति ने इस मामले पर कल लंबी चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि कुमार संगकारा, नवनियुक्त कप्तान तिलकरत्ने दिलशान सहित 11 श्रीलंकाई खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं जो इस फैसले से प्रभावित होंगे।

अलुथगमागे ने कहा कि श्रीलंकाई क्रिकेट के हित उनके लिए सर्वोपरि हैं और इस बारे में भारत को कारण बताया जाएगा। डेक्कन चार्जर्स के कप्तान संगकारा पहले ही कह चुके हैं कि श्रीलंकाई खिलाड़ी बोर्ड के फैसले का पालन करेंगे। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें